पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज ऐतिहासिक गांधी मैदान में बिहार दिवस 2025 (22-24 मार्च) का दीप प्रज्ज्वलित कर एवं गुब्बारा उड़ाकर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया।
यह भी पढ़े : चाईबासा में IED ब्लास्ट में जख्मी एसआई सुनील कुमार मंडल शहीद
समारोह में अपर मुख्य सचिव शिक्षा विभाग डॉ एस सिद्धार्थ ने मुख्यमंत्री को पुस्तक भेंटकर उनका स्वागत किया। बिहार के 113वें स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम की थीम ‘उन्नत बिहार, विकसित बिहार’ रखी गयी है।
मुख्यमंत्री ने बिहार दिवस समारोह-2025 के उद्घाटन से पूर्व पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में विभिन्न विभागों द्वारा किये जा रहे विकास कार्यों से संबंधित लगाई गयी प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, ग्रामीण विकास विभाग (जीविका), कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, खेल विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा लगाई गयी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा प्रकाषित पुस्तिका ‘डिजास्टर रिस्क रिडक्षन रोडमैप ऑफ बिहार’ तथा ‘मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम’ (कक्षा- 9-12) का मुख्यमंत्री ने विमोचन किया।
ग्रामीण विकास विभाग द्वारा लगायी गयी प्रदशनी के अवलोकन के क्रम में मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों से बातचीत करते हुये कहा कि बिहार में स्वयं सहायता समूह की संख्या काफी कम थी। हमने वर्ष 2006 में विश्व बैंक से कर्ज लेकर स्वयं सहायता समूह की संख्या को बढ़ाने का काम किया। हमने ही इसका नाम ‘जीविका’ दिया, जिससे प्रेरित होकर तत्कालीन केन्द्र सरकार ने इसका नाम ‘आजीविका’ किया। आप सभी अच्छा काम कर रही हैं। बुलंदी के साथ आप सभी जीविका दीदियां इसी प्रकार काम करते रहिये और आगे बढ़ते रहिये। आपकी जो भी जरूरतें होगी, उसे पूरा किया जायेगा। राज्य सरकार हरसंभव मदद करती रहेगी।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने गांधी मैदान में आयोजित पटना पुस्तक महोत्सव का फीता काटकर शुभारंभ किया। शुभारंभ के बाद मुख्यमंत्री ने विभिन्न प्रकाशानों द्वारा लगाये गये स्टॉल का निरीक्षण भी किया। आयोजक मंडल ने मुख्यमंत्री को पुस्तक भेंटकर उनका अभिनंदन किया।