पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को महात्मा गांधी सेतु के समानांतर गंगा नदी पर बनाये जा रहे फोर लेन पुल के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महात्मा गांधी सेतु से होते हुये गंगा नदी के दक्षिणी छोर से लेकर गंगा नदी के उत्तरी छोर तक निर्माणाधीन पुल तथा एप्रोच पथ का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने हाजीपुर के सैफपुर में पिलर नम्बर 9 के पास रूककर अधिकारियों से निर्माण कार्य के बारे में विस्तृत जानकारी ली।
इस दौरान पथ निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव मिहिर कुमार सिंह ने बताया कि यह पुल 14.5 किलोमीटर लम्बा है। महात्मा गांधी सेतु के समानांतर बनाये जा रहे इस पुल का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। साथ ही दोनों तरफ आठ लेन का एप्रोच पथ भी बनाया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी सेतु के समानांतर इस निर्माणधीन फोर लेन पुल का निर्माण कार्य तेजी से पूर्ण करें, ताकि महात्मा गांधी सेतु पर अत्यधिक ट्रैफिक लोड के कारण लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिले।
पुल के निर्माण सेउत्तर और दक्षिण बिहार के पांच जिलों को फायदा
इस पुल के निर्माण से उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार के बीच यातायात व्यवस्था और सुगम हो जायेगी। मुजफ्फरपुर, सारण तथा वैशाली जिला की जनता को इसका सीधा लाभ मिलेगा और पटना पहुंचना आसान हो जायेगा।