पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जगजीवन स्टेडियम भभुआ में कैमूर जिला के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) कार्यकर्ताओं के साथ आज आयोजित संवाद कार्यक्रम में कहा कि हमलोग बिहार के विकास में लगे हुए हैं। 2005 से पहले कैमूर जिला की स्थिति काफी दयनीय थी। अपराध चरम पर था, समाज में काफी विवाद होता था। हमलोगों ने यहां विकास के अनेक काम कराए हैं। अब शांति का माहौल कायम है। कानून का राज है।
यह भी पढ़े : पथ निर्माण मंत्री व सांसद ने आरओबी सहित 350 करोड़ योजनाओं का किया शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने कहा कि कैमूर जिले में इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक संस्थान, महिला आईटीआई, सभी अनुमंडलों में आईटीआई, जीएनएम संस्थान एवं पारा मेडिकल संस्थान की स्थापना की गई है। भभुआ में सदर अस्पताल का निर्माण कराया गया है। यहां अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति आवासीय विद्यालयों का निर्माण, कर्पूरी छात्रावास, बड़ी संख्या पुलों एवं पथों का निर्माण तथा कई सड़कों का चौड़ीकरण कराया गया है। मोहनिया-आरा फोर लेन पथ का निर्माण कराया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत भभुआ एवं मोहनिया शहर में दुर्गावती जलाशय पाइप लाइन के जरिए पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। इसकी प्राकलित राशि 198 करोड़ रुपये है। कैमूर जिले में सिंचाई सुविधाओं का भी काफी विस्तार किया गया है। यहां स्थित मां मुंडेश्वरी मंदिर काफी प्राचीन, ऐतिहासिक एवं पवित्र स्थल है। यहां सालों भर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजन एवं दर्शन करने पहुंचते हैं। यहां आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई काम कराए गए हैं। कैमूर जिले में 103 पंचायत सरकार भवनों का निर्माण कराया गया है। बचे हुए पंचायत सरकार भवनों के निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है, जो इसी साल पूरा हो जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भभुआ विधानसभा क्षेत्र में विकास के अनेक कार्य कराए गए हैं। यहां स्वास्थ्य एवं शैक्षणिक संस्थानों तथा कई पथों का निर्माण कराया गया है। रामपुर प्रखंड में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा पारा मेडिकल संस्थान की स्थापना की गई है। 287 ग्रामीण पथों एवं पुलों का निर्माण कराया गया है। सभी घरेलू उपभोक्ताओं को मुफ्त बिजली दी जा रही है। बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 1 ग्रिड उपकेन्द्र, 3 विद्युत उपकेंद्र, कृषि कार्य हेतु 8 कृषि फीडर तथा सिंचाई के लिए आहर, पइन, वीयर का निर्माण/जीर्णोद्धार कराया गया है। यहां अटल कला भवन का भी निर्माण कराया गया है। इन सबके बावजूद यदि कोई कमियां रह गई है तो उसकी जानकारी आप सभी दें, उन कमियों को भी दूर किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार का भरपूर सहयोग मिल रहा है। बिहार निरंतर आगे बढ़ रहा है। आप सभी के सहयोग से बिहार आगे बढ़ता रहेगा और देश की प्रगति में अपना अहम योगदान देगा। संवाद कार्यक्रम में स्थानीय जन प्रतिनिधियों, नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को फूलों की बड़ी माला पहनाकर तथा अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया। कार्यक्रम को उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी संबोधित किया।