पटना। जम्मू-काश्मीर के पहलगाम में मंगलवार काे हुए आतंकी हमले में बिहार के मनीष रंजन की मृत्यु हो गई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस घटना पर शोक जताते हुए कहा है कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में पर्यटकों की माैत की सूचना दुःखद है। यह घटना निंदनीय है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना है। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना है। आतंक के विरुद्ध पूरा देश एकजुट है।
यह भी पढ़े : खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2025 के सफल आयोजन के लिए नालंदा में अधिकारियों ने की बैठक
मनीष रंजन इंटेलिजेंस ब्यूरो यानी आईबी के अधिकारी थे और वर्तमान में हैदराबाद में तैनात थे। मनीष बिहार के रोहतास जिले के रहने वाले थे। जानकारी अनुसार मनीष पत्नी और दो बच्चों के साथ एलटीसी (लीव कंसेशन) के तहत कश्मीर घूमने आए थे। आतंकियों ने मनीष से नाम पूछने के बाद उनकी पत्नी के सामने ही उन्हें गोलियों से छलनी कर दिया। मनीष रांची में भी सेवाएं दे चुके थे। उनके पिता का नाम मंगलेश मिश्रा है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।