पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को वैशाली जिला के डिग्री कॉलेज, गोरौल में आयोजित कार्यक्रम स्थल से 744 करोड़ 85 लाख रुपये लागत की कुल 331 योजनाओं का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।
यह भी पढ़े : केंद्रीय मंत्री और बिहार चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने मुख्यमंत्री नीतीश से की मुलाकात
इनमें 129 करोड़ रुपये की लागत से हाजीपुर नगर परिषद क्षेत्र में स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम निर्माण कार्य, 181 करोड़ 78 लाख की लागत से ऊर्जा विभाग की चार योजनाएंं, 43 करोड़ 20 लाख की लागत से वाया नदी का उड़ाही कार्य, 27 करोड़ 14 लाख की लागत से लालगंज (रपुटा)-सराय रोड (12.95 किमी) का चौड़ीकरण कार्य, 44 करोड़ 50 लाख की लागत से सदर अस्पताल वैशाली परिसर अंतर्गत 100 शैय्या के क्रिटिकल केयर ब्लॉक, 19 करोड़ 51 लाख की लागत से गोरौल-सोंधों-मथनामल रोड का चौड़ीकरण, 14 करोड़ 82 लाख की लागत से पनसडिया (लोहा पुल) भारत चौक-छह लेन गंगा ब्रिज पहुंच पथ (4.20 किमी) का उद्घाटन शामिल है।
मुख्यमंत्री ने 40 करोड़ 43 लाख की लागत से कृषि बाजार समिति के पुनर्विकास, 15 करोड़ 10 लाख की लागत से बालक औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, हाजीपुर, 13 करोड़ 90 लाख की लागत से 132/33 केवी ग्रिड उपकेन्द्र हाजीपुर का नवीनीकरण एवं आधुनिकीकरण, 15 करोड़ 17 लाख की लागत से 220/132 केवी ग्रिड उपकेन्द्र, हाजीपुर में 01 अदद 200 एमवीए के ट्रांसफॉर्मर का अधिष्ठापन तथा 78 करोड़ 69 लाख की लागत से भवन, पुस्तकालय एंव खेल मैदान के निर्माण सहित अन्य 210 विकासात्मक योजनाओं का उद्घाटन किया। इसमें प्रगति यात्रा के दौरान जिले के विकास के लिए घोषित योजनाओं का शिलान्यास भी शामिल है।
मुख्यमंत्री ने 122 करोड़ 14 लाख रुपये की लागत से भवन, पुस्तकालय एवं खेल मैदान के निर्माण सहित अन्य 110 विकासात्मक योजनाओं का शिलान्यास किया गया। मुख्यमंत्री ने डिग्री कॉलेज गोरौल का शिलान्यास किया और सूक्ष्मता से प्रस्तावित डिग्री कॉलेज के 3डी मॉडल का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने वैशाली के डिग्री कॉलेज, गोरौल में ही आयोजित संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित पेंशनधारी लाभुकों, जीविका दीदियों, आंगनबाड़ी सेविका/सहायिका सहित अन्य लाभुकों के साथ संवाद किया। उन्होंने कहा कि आप लोग अच्छे से मिल-जुलकर रहें तथा बिहार को आगे बढ़ाने में अपना अहम योगदान दें।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, शिक्षा मंत्री सुनील कुमार, राज्यसभा सांसद सह जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा, विधायक सिद्धार्थ पटेल, अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त राजकुमार, तिरहुत प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक चंदन कुशवाहा, वैशाली जिलाधिकारी वर्षा सिंह सहित अन्य वरीय अधिकारीगण, लाभार्थीगण, गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में आमलोग उपस्थित थे।