New Delhi: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। प्रधानमंत्री आवास पर हुई इस मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक बातचीत हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया और प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन तथा समय देने के लिए आभार जताया।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है, जब उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। ऐसे में दोनों नेताओं की मुलाकात को आगामी विधानसभा चुनाव और राज्य की राजनीतिक गतिविधियों के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा कि विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय राजनेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आज नई दिल्ली में शिष्टाचार भेंट की।
यह भी पढ़ें-यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का अमित शाह ने किया उद्घाटन
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन उन्हें ‘नए उत्तर प्रदेश’ के निर्माण के लिए सदैव नई ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने प्रधानमंत्री को अमूल्य समय देने के लिए धन्यवाद भी दिया। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बीच हुई बैठक में उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव और राज्यसभा चुनाव को लेकर चर्चा हुई। बैठक में पार्टी की चुनावी तैयारियों और आगे की रणनीति पर भी विचार-विमर्श होने की जानकारी सामने आई है।
उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं। वहीं, राज्य की 10 राज्यसभा सीटों के लिए 16 अक्टूबर को मतदान प्रस्तावित है। ऐसे में दोनों चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।
हालांकि, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के बीच हुई बैठक का विस्तृत आधिकारिक एजेंडा सामने नहीं आया है। इसलिए बैठक में किन मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई, इसकी पूरी जानकारी अभी उपलब्ध नहीं है।
रिपोर्टों के अनुसार, उत्तर प्रदेश में चल रही विकास परियोजनाओं और प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा की संभावना जताई गई है। राज्य सरकार झांसी में बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (BIDA) सहित विभिन्न परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास के लिए प्रधानमंत्री को आमंत्रित करने की तैयारी कर रही है।



