पटना : दीघा विधानसभा क्षेत्र के आठ मंडलों में रविवार को एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। इस दौरान स्थानीय विधायक डॉ. संजीव चौरसिया ने कार्यकर्ताओं को केंद्र व राज्य सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं को हर परिवार तक पहुंचाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना में अधिक से अधिक निबंधन हो, इसके लिए दीघा के हर मंडल में एनडीए कार्यकर्ता मुहिम चलाएं।
यह भी पढ़े : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम में 10 लाख का इनामी नक्सली ढेर, विभिन्न घटनाओं में थी संलिप्तता
कच्ची तालाब में वीर कुंअर सिंह मंडल, शिवपुरी में सरदार पटेल मंडल, उत्तरी पटेल नगर में नवीन सिन्हा मंडल, एजी कॉलोनी में शास्त्रीनगर मंडल, गर्दनीबाग के विष्णुपुरी में जयंत मंडल, पाटलिपुत्र पार्क के सामने पाटलिपुत्र मंडल, बांस कोठी के गेट संख्या 93 के पास पूर्वी दीघा मंडल और मिल्की स्कूल के पास मैनपुरा मंडल का सम्मेलन हुआ।
इस दौरान मंडल अध्यक्ष लवकुश कुणाल, उदय सिंह, विनय सिंह, आलोक सिन्हा, अरुण कुमार, अनिल कुमार, अमित यादव, वीरेंद्र प्रसाद के अलावा घटक दलों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में मातृशक्ति की उपस्थिति रही। सभी वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। राष्ट्रगान से सम्मेलन का समापन हुआ।
डॉ. चौरसिया ने बताया कि 17 मंडलों में 14 के सम्मेलन हो चुके हैं। शेष 3 मंडलों में सोमवार को सम्मेलन होंगे।