पलामू। जिले के पांकी और पाटन प्रखंड क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के तीन सहित चार लोगों की मौत हो गयी। पांकी में तीन महिलाओं की मौत हो गयी, वहीं पाटन में युवक की जान चली गयी। दोनों घटनाओं के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है।
यह भी पढ़े : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 13 दिनों तक नेमरा में रहेंगे
पांकी प्रखंड के केकरगढ़ पंचायत के ग्राम जोल्हबिघा में बुधवार शाम खेत में धान रोपनी करने के क्रम में आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में ओकीदा खातून (34), रेशमी बीवी (35) और राजवी बीवी (40) शामिल हैं। राजवी बीबी अपने मायके जोल्हबिघा में धान रोपनी करने आई थी।
वहीं पाटन थाना क्षेत्र के नावाडीह भुड़वा गांव में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से युवक निरंजन मेहता (32) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना उस वक्त घटी जब वे खेत में धान का बिचड़ा ढो रहे थे। निरंजन के दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक बेटी मात्र डेढ़ वर्ष की है। इस दुःखद हादसे से गांव में मातम छा गया है।
सरपंच की पत्नी बची, चार बकरियों की मौत
तरहसी प्रखंड की पाठकपगार पंचायत के पूर्वी पंचायत समिति सदस्य (सरपंच) विनायक साव की पत्नी पुष्पा देवी आकाशीय बिजली गिरने के दौरान बाल-बाल बच गयी। उसकी चार बकरियां चपेट में आकर मर गयीं। घटना महुआ के पेड़ के नीचे हुई। बारिश से बचने के लिए बकरियां पेड़ से नीचे खड़ी थीं। पुष्पा भी वहीं थी, लेकिन घटना से कुछ समय पहले वह घर चली गयी थी। इसी बीच अचानक पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई। इससे बकरियों की मौत हो गयी। बकरियों की मौत से 80 हजार के नुकसान की जानकारी दी गयी है।