जम्मू। थलसेना अध्यक्ष जनरल एमएम नरवणे जम्मू-कश्मीर के दो दिवसीय दौरे के आखिरी दिन गुरुवार को उत्तरी कमान मुख्यालय ऊधमपुर में जवानों और अधिकारियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कड़ी चौकसी से दुश्मन के मंसूबों को नाकाम बनाने की मुहिम जारी रखनी है। नरवणे ने जवानों व अधिकारियों की भूमिका की प्रशंसा भी की।
उन्होंने कहा कि स्थायी शांति की स्थापना आतंकवाद के सफाये से ही होगी। उत्तरी कमान के वीरों की बर्फबारी से मुश्किलों के दौरान सहयोग देने वाले दूरदराज के लोगों को हर प्रकार की सहायता दी जाएगी। इससे पहले थलसेना अध्यक्ष ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की। आर्मी चीफ दोपहर बाद जम्मू संभाग के राजौरी जिले का दौरा कर नियंत्रण रेखा की सुरक्षा हालात की जानकारी लेने पहुंचे।
सूत्रों के अनुसार थलसेना अध्यक्ष सेना की 16वीं कोर के मुख्यालय नगरोटा भी जाएंगे। दिल्ली लौटने से पहले वह जम्मू में उप राज्यपाल जीसी मुर्मू से भी मिलेंगे। उल्लेखनीय है कि थलसेना अध्यक्ष बुधवार शाम जम्मू-कश्मीर के दो दिवसीय दौरे पर ऊधमपुर पहुंचे।
© STDigital. Designed by Forever Infotech.



