पश्चिमी सिंहभूम। जिला स्थित खूंटपानी प्रखंड के पंड्राशाली गांव की रानी कुई (42) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मंगलवार को सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम किया गया। यह घटना सोमवार की है।
मृतका के पति सीराम पूर्ति, जो होमगार्ड में कार्यरत हैं और गुवा में तैनात हैं, ने बताया कि घटना के वक्त वह अपने माता-पिता के घर बड़ा टोला गए थे। उसी समय उनके दोनों बच्चे ( 12 और 13 वर्षीय) स्कूल में थे और रानी कुई घर में अकेली थीं। इसी दौरान उन्होंने कथित रूप से फंदे से लटक कर खुदकुशी कर ली।
स्कूल से लौटे बच्चों ने अपनी मां को फंदे से लटका देखा और तुरंत इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। इसके बाद ग्राम मुण्डा ने पंड्राशाली ओपी को घटना की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
पति सीराम ने बताया कि रानी कुई का मानसिक संतुलन कुछ समय से ठीक नहीं था और वह एक विद्यालय में रसोईया के रूप में कार्यरत थीं। उन्होंने कहा कि घर में किसी प्रकार का विवाद या मनमुटाव नहीं था।
हालांकि ग्रामीणों ने आत्महत्या और किसी साजिश को लेकर शंका व्यक्त की है। वहीं थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और मामले का उद्भेदन जल्द कर लिया जाएगा।


