पटना। उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि भारत को सोने की चिड़िया नहीं, सोने का शेर बनाना है। आर्य समाज 150 वर्षों से राष्ट्र निर्माण की दिशा में संकल्पित होकर कार्य कर रहा है। उप मुख्यमंत्री शुक्रवार की शाम मीठापुर स्थित दयानंद स्कूल में विराट आर्य महासम्मेलन सह राष्ट्र निर्माण महायज्ञ के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। महर्षि दयानंद सरस्वती के 200वें जयंती वर्ष और आर्य समाज की स्थापना के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में यह आयोजन किया गया है।
यह भी पढ़े : राजा भोज का निर्मित बड़ा तालाब तकनीकी उत्कृष्टता का है श्रेष्ठ उदाहरण : मोहन यादव
समारोह की अध्यक्षता कर रहे बिहार राज्य आर्य प्रतिनिधि सभा के मुख्य संरक्षक एवं पूर्व राज्यपाल श्री गंगा प्रसाद ने कहा कि वेद सनातन धर्म की मूल आधारशिला हैं। आर्य समाज का उद्देश्य केवल धार्मिक नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता और सुधार भी है। सभा के प्रधान सह विधायक डॉ. संजीव चौरसिया ने दानापुर-खगौल मार्ग का नामकरण स्वामी दयानंद सरस्वती मार्ग करने की मांग की जिसे उप मुख्यमंत्री ने स्वीकार किया। बिहार गीत और भजन से कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
उद्घाटन समारोह से पहले स्थानीय वीर कुंवर सिंह पार्क (हार्डिंग पार्क) से गाजे-बाजे, नयनाभिराम झांकियों और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भव्य और विशाल शोभा यात्रा निकाली गई जो बुद्ध मार्ग, आयकर गोलंबर, वीरचंद पटेल पथ, आर ब्लॉक होते हुए दयानंद विद्यालय स्थित मुख्य सभा स्थल तक पहुंची। शोभायात्रा में राज्य के विभिन्न आर्य समाज व शिक्षण संस्थान के प्रतिनिधियों के अलावा बड़ी संख्या में डीएवी पब्लिक स्कूल की अलग-अलग शाखाओं के बच्चे और शिक्षक भी शामिल हुए। उनके हाथों में प्ले कार्ड थे जिन पर ‘सर्वोत्तम ज्ञान-वेद ज्ञान’, आर्य बनो-श्रेष्ठ बनो, आर्य समाज बुलाता है-सत्य धर्म अपनाता है जैसे स्लोगन लिखे हुए थे। एनसीसी के कैडेटों ने आर्य समाज का ध्वज थाम रखा था। ॐ की ध्वजा ऊपर रहे और आर्य समाज अमर रहे जैसे नारों से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा। आर्य वीर दल के छात्रों ने लाठी और तलवारबाजी का प्रदर्शन कर मन मोह लिया। शोभा यात्रा के दौरान भाजपा कार्यालय समेत कई जगहों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया गया।
इस अवसर पर डीएवी पब्लिक स्कूल्स के क्षेत्रीय प्रबंधक और स्वागताध्यक्ष एसके झा, महापौर सीता साहू, उप महापौर रेशमी चंद्रवंशी, आर्य प्रतिनिधि सभा के मंत्री रमेन्द्र कुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष सत्यदेव प्रसाद गुप्त, राकेश आर्य, मनोज कुमार आर्य के अलावा सैकड़ों की संख्या में आर्यजन उपस्थित रहे।
मालूम हो, यह छह दिवसीय अनुष्ठान बिहार राज्य आर्य प्रतिनिधि सभा, पटना और आर्य प्रादेशिक प्रतिनिधि उपसभा, बिहार के संयुक्त तत्वावधान में हो रहा है। शुक्रवार की सुबह दयानंद कन्या विद्यालय में यजुर्वेद पारायण महायज्ञ के बाद ॐ ध्वजारोहण किया गया। वैदिक विद्वानों ने भजन और उपदेश के जरिये सनातन धर्म की सही व्याख्या की।