Lucknow: लखनऊ के सिटी मांटेसरी स्कूल गोमतीनगर विस्तार ऑडिटोरियम में सोमवार को श्री गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा 5.0 के कार्यकर्ता सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने ‘मानव सेवा-माधव सेवा, जनसेवा-जनार्दन सेवा’ के मूलमंत्र का अर्थ बताया। उन्होंने कहा कि यह बड़े ही सौभाग्य की बात है कि वर्ष 2019 से सुदूर क्षेत्रों में रहने वाली जनजातियों की सेवा की जा रही है। ऐसे सभी सदस्य जो गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा के माध्यम से जनसेवा का महान कार्य कर रहे हैं, वे वंदनीय हैं।
मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले के साथ सीएम योगी ने भगवान श्री धन्वंतरी, भारत माता, गुरु गोरखनाथ और स्वामी विवेकानंद के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
इस मौके पर सरकार्यवाह ने कहा कि भारत की संस्कृति, ज्ञान, सभ्यता, इतिहास आदि पर गर्व किया जाता है। मगर भारत की भूमि सेवा की भूमि है। यहां की पहचान सेवा और त्याग है। प्रार्थना करने वाले मुख से कहीं अधिक महत्वपूर्ण सेवा करने वाले हाथ होते हैं। इस सेवाकार्य में जुटे डॉक्टर्स ऐसे ही अभिनंदनीय कार्य को साकार कर रहे हैं। उन्होंने अपने सम्बोधन में कहा कि विकास की मुख्यधारा से पिछड़े लोगों के प्रति कृतज्ञता दिखाएं। इन डॉक्टर्स से प्रेरणा लेते हुये सभी सबको कुछ न कुछ सेवा का संकल्प लेना चाहिये। उन्होंने कहा कि अभावग्रस्त क्षेत्रों में जाकर सेवा करना वंदनीय कार्य है। अत: यह सम्मान कार्यक्रम नहीं, कृतज्ञता का कार्यक्रम कहा जाना चाहिये।
सेवा के लिये युवा मेडिकोज हो रहे प्रोत्साहित
अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि वंचित लोगों के लिये संवेदना और संकल्प के साथ उसको साकार करने का वाले ही ‘मानव सेवा-माधव सेवा’ के मंत्र को जीवंत कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि सामाजिक संस्थानों और सरकार एवं शासन के संयुक्त प्रयास के कारण ही इस सेवा के लाभार्थियों की संख्या हर वर्ष बढ़ती गयी। चिकित्सा के क्षेत्र में लोगों के दुख-दर्द को दूर करने वाले ऐसे डॉक्टर्स को नमन है। नेशनल मेडिकोज ऑर्गनाइजेशन (एनएमओ) अपने कार्यों से डॉक्टर्स और चिकित्सा के विद्यार्थियों को जनसेवी बना रहा है। माननीय सरकार्यवाह जी ने महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में बने डॉ हेडगेवार अस्पताल का वर्णन करते हुये कहा कि वहां सेवा देने वाले डॉक्टर बाहर की दुनिया में अपनी योग्यता के अनुरूप ज्यादा रुपया कमा सकते हैं लेकिन वे जनसेवा करने के लिये बहुत ही कम वेतन में उस अस्पताल में पीड़ितों का उपचार कर रहे हैं। यही नहीं वे युवा मेडिकोज को सेवा कार्य के लिये प्रोत्साहित करने का कार्य भी कर रहे हैं।
नेत्र कुंभ से की हजारों की सेवा’
उन्होंने सेवा की भावना का वर्णन करते हुये कहा कि सेवा की भावना में कोई दीवार नहीं होती। कोई भेद नहीं होता। कोरोना के समय में दूर-दूर से गरीब-मजदूर पैदल ही चले आ रहे थे। वे परेशान होने पर भी अपना शिष्ट एवं मर्यादित व्यवहार नहीं भूले। समाज ने भी उनके प्रति कृतज्ञता प्रकट करते हुये जगह-जगह उन सबकी सेवा की। उन्हें भोजन और आश्रय दिया। यही कारण है कि उस समय जहां कई देशों में भोजन के लिये दंगे हुये लेकिन भारत अछूता रहा। उन्होंने कहा कि प्रयागराज के महाकुंभ में भी सेवा की दृष्टि से नेत्र कुंभ का लगाकर हजारों लोगों की आंखों की जांच की गई थी। उन्हें दवा और चश्मा दिया गया था। ऐसे विचार तभी आते हैं जब समाज के प्रति अपनापन का भाव जागृत होता है। उन्होंने अंत में कहा कि ऐसी ही सेवाभावना समाज के विभिन्न क्षेत्रों में जागृत हो। बस यही कामना है।
भारत की ऋषि परंपरा से जुड़ी यात्राएं : सीएम योगी
वहीं, कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुये उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनजातियों को 2017 से पहले मतदान के अधिकार नहीं थे। राशन कार्ड और कनेक्टिविटी की सुविधा नहीं थी। भाजपा की सरकार आने के बाद से थारू, मुसहर, कोल, गोंड, समेत सभी जनजातियों को हर सुविधा उपलब्ध कराई गई। यही नहीं, इससे पहले कुछ मिशनरी और वामपंथी जनजातीय समाज का ब्रेनवॉश भी किया करते थे। उन्होंने कहा कि वनटांगिया के 55 गावों में कोई अधिकार नहीं थे। यह स्थिति देश की सुरक्षा के लिए भी खतरा बन रही थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में यात्राओं की एक लंबी श्रृंखला रही है। आदि शंकराचार्य ने भी शंकर दिग्विजय यात्रा के माध्यम से भारत को सांस्कृतिक रूप से जोड़ा था। ऐसी धार्मिक यात्राएं केवल आस्था नहीं, बल्कि समाज को एकसूत्र में बांधने का माध्यम होती हैं। उन्होंने कहा, उत्तर से दक्षिण, पूर्व से पश्चिम तक भारत आदिकाल से एक सांस्कृतिक इकाई रहा है और धार्मिक यात्राओं पर कोई प्रतिबंध नहीं लगा सका। भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में भी ऐसी ही एकता को पुनः स्थापित करने का कार्य पांच साल पहले प्रारंभ हुआ।
2017 से पहले अधिकार विहीन थे जनजातीय समुदाय
सीएम योगी ने कहा, आपको आश्चर्य होगा कि 1947 में देश को आजादी मिली, लेकिन 2017 से पहले तक इन गांवों के लोगों को न वोटिंग का अधिकार था, न राशन कार्ड। न बिजली, न सड़क और न स्वास्थ्य की कोई सुविधा। वन विभाग और पुलिसकर्मी इनका शोषण करते थे। उन्होंने आगे बताया कि जब 2017 में बीजेपी की सरकार आई, तब जाकर इन गांवों को राजस्व ग्राम की मान्यता मिली और धीरे-धीरे सभी योजनाएं लागू की गईं। सीएम योगी ने ऐतिहासिक तथ्य साझा करते हुए बताया कि थारू जनजाति के लोग अंग्रेजों द्वारा तराई के जंगलों में बसाए गए। उन्हें कहा गया था कि जंगल में रहो, कोई वेतन नहीं मिलेगा। वे झोपड़ियों में रहे, शोषण सहा। जब आजादी मिली तब भी सरकारों ने आंखें मूंदी रखीं। सीएम ने बताया कि इन लोगों ने मतदान करना शुरू किया। 2022 और 2024 के चुनाव में भी हजारों लोग पहली बार वोटर बने। अब हर गांव में सड़क है, हर घर में बिजली है, सभी को मकान मिले हैं। आंगनबाड़ी केंद्र खुले हैं, स्कूल और स्वास्थ्य केंद्र बन रहे हैं। राशन, आयुष्मान योजना, पेंशन समेत हर सुविधा इन तक पहुंच चुकी है। समारोह के अंत में सीएम योगी ने यात्रा से जुड़े सभी स्वयंसेवकों, पदाधिकारियों और सेवा न्यास को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह यात्रा केवल स्वास्थ्य सेवा नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और सामाजिक एकात्मता की यात्रा है। यह हमें जगतगुरु आदि शंकराचार्य की याद दिलाती है। जब यात्राओं के माध्यम से जनजागरण का कार्य हुआ करता था। आज यह कार्य भारत-नेपाल सीमा पर हो रहा है। यह यात्रा चलती रहनी चाहिए और सबका अभिनंदन होना चाहिए।
नानाजी देशमुख और महंत अवैद्यनाथ को बताया प्रेरणा स्रोत
सीएम योगी ने कहा, हमें आभार प्रकट करना चाहिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का, नानाजी देशमुख जी और अपने पूज्य गुरुदेव महंत अवैद्यनाथ का। उन्होंने बच्चों के लिए छात्रावास और स्कूल की व्यवस्था कराई। उन्होंने कहा, वर्ष 2007 में नेपाल में माओवादी और मधेशियों के बीच भीषण संघर्ष हुआ तो मैंने व्यक्तिगत जानकारी ली, तब समझ में आया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में संघ और उससे जुड़ी संस्थाएं कैसे काम कर रही हैं। आज गुरु गोरक्षनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा न्यास भारत और नेपाल की सीमा पर बसे हुये लोगों के बीच दोनों देशवासियों में सेवाकार्य के माध्यम से मैत्री एवं पारस्परिक सहयोग का भाव जगा रहा है। इससे सीमावर्ती क्षेत्रों में रह रही बड़ी आबादी भी भारतीयता का बोध कर रही है।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अखिल भारतीय प्रचारक प्रमुख स्वांत रंजन, प्रांत संघचालक सरदार स्वर्णसिंह, क्षेत्र प्रचारक अनिल, प्रांत प्रचारक कौशल, क्षेत्र धर्म जागरण प्रमुख अभय, क्षेत्र प्रचारक प्रमुख राजेंद्,, प्रचारक अशोक केडिया, वीरेंद्र सिंह, गंगा सिंह, डॉ उमेश, प्रशांत भाटिया, एनएमओ के अध्यक्ष डॉ एमएलबी भट्ट, मंत्री असीम अरुण, सतीश शर्मा, दिनेश सिंह एवं दयाशंकर सिंह सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।