सुपौल। मरौना प्रखंड कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित बैठक में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में बैंक ऋण की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता बीडीओ रचना भारतीय ने की। इस दौरान प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम योजना (पीएम एफएमई), प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई।
यह भी पढ़े : धनबाद में पहली बार नेशनल आर्ट एग्जिबिशन, 65 पेंटिंग और 10 मूर्तियां बनीं आकर्षण का केंद्र
बैठक में अधिकारियों और बैंक प्रतिनिधियों से योजनाओं के तहत प्राप्त आवेदनों की स्थिति की जानकारी ली गई। लंबित आवेदनों को जल्द निपटाने तथा पात्र लाभुकों को सुविधाजनक और समय पर बैंक ऋण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। बीडीओ ने कहा कि बैंक स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए, ताकि योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंच सके।
उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों और बैंक प्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया। कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य लोगों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। इसके लिए पात्र आवेदकों को ऋण और अनुदान से संबंधित सुविधाएं समय पर मिलना जरूरी है।
बैठक में योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजनाओं की जानकारी देने और उन्हें आवेदन के लिए प्रोत्साहित करने को कहा गया, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सके।



