नई दिल्ली : भारतीय पुलिस सेवा के छत्तीसगढ़ कैडर के अधिकारी रवि सिन्हा को खुफिया एजेन्सी अनुसंधान एवं विश्लेषण शाखा (रॉ) का प्रमुख नियुक्त किया गया है। केंद्रीय मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने श्री सिन्हा की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है और उनका कार्यकाल कार्यभार संभालन के बाद दो वर्ष तक या अगले आदेश तक रहेगा। श्री सिन्हा को मौजूदा रॉ प्रमुख सामंत कुमार गोयल के स्थान पर इस पद पर नियुक्त किया गया है। श्री सामंत आगामी 30 जून को सेवानिवृत हो रहे हैं। सिन्हा दो दशक से अधिक समय से इस प्रतिष्ठित खुफिया एजेंसी से जुड़े रहे हैं। वह अपनी पदोन्नति से पहले रॉ की अभियानगत शाखा का नेतृत्व कर रहे थे। पड़ोसी देशों के मामलों के विशेषज्ञ माने जाने वाले सिन्हा ने जम्मू-कश्मीर, पूर्वोत्तर के अलावा कई देशों में बड़े पैमाने पर काम किया है। वह ऐसे समय में रॉ की कमान संभाल रहे हैं, जब कुछ देशों से सिख चरमपंथ को हवा देने की कोशिशें की जा रही हैं।
सर्जिकल स्ट्राइक में गोयल की रही थी अहम भूमिका : सिन्हा के पूर्ववर्ती गोयल को जून 2019 में दो साल के लिए रॉ प्रमुख नियुक्त किया गया था। बाद में उन्हें 2021 और जून 2022 में एक-एक साल का दो बार सेवा विस्तार दिया गया था। माना जाता है कि जम्मू-कश्मीर से संबंधित मामलों के विशेषज्ञ गोयल ने पाकिस्तान के बालाकोट में फरवरी 2019 के सर्जिकल स्ट्राइक की योजना बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। सर्जिकल स्ट्राइक पुलवामा आतंकी हमले का बदला लेने के लिए की गई थी। पुलवामा हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 40 जवान शहीद हो गए थे। पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) के एक आत्मघाती हमलावर ने यह हमला किया था। हमले के जवाब में, भारतीय वायु सेना ने 26 फरवरी, 2019 को बालाकोट में जैश के आतंकवादी प्रशिक्षण शिविर पर हमला किया था।
Follow our Facebook Page 👉
Follow Us
Follow us on X (Twitter) 👉
Follow Us
Follow our Instagram 👉
Follow Us
Subscribe to our YouTube Channel 👉
Subscribe Now
Join our WhatsApp Group 👉
Join Now
Follow us on Google News 👉
Follow Now