पटना: दीघा विधानसभा क्षेत्र के एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी व मौजूदा विधायक डॉ. संजीव चौरसिया के चुनाव कार्यालय का मंगलवार को विधिवत उद्घाटन किया गया। पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद, पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय मयूख, उप महापौर रेशमी चंद्रवंशी ने संयुक्त रूप से फीता काट कर व नारियल फोड़ कर कार्यालय का उद्घाटन किया।
यह भी पढ़े : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 22 अक्टूबर को गोपालगंज और सिवान में करेंगे चार चुनावी सभाएं
उद्घाटन के बाद आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से चट्टानी एकता का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चुनौती जितनी बड़ी होगी, जीत भी उतनी ही बड़ी होनी चाहिए। दीघा समेत पटना की चारों सीटें एक बार फिर एनडीए की झोली में जा रही हैं। एक हफ्ते पहले तक भाजपा-जदयू का झंडा ढोने वालों ने स्वार्थ की खातिर दूसरे दल का डंडा थाम लिया है। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में एनडीए की जीत का संकल्प दोहराया।
बैठक में बिहार राज्य धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष रणवीर नंदन, महानगर अध्यक्ष रूप नारायण मेहता, संतोष रंजन राय, घटक दल जदयू के जिलाध्यक्ष आसिफ कमाल, रालोमो के खुर्शीद अहमद, हम के संजय पासवान, लोजपा (आर) के रणविजय पासवान के अलावा बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, प्रमुख कार्यकर्ता, मातृशक्ति और एनडीए समर्थक उपस्थित रहे।