रांची। रांची के होटल रेडिशन ब्लू में जी-20 की बैठक दो मार्च को होने वाली है। बैठक में शामिल होने जी-20 देशों के डेलिगेट्स एक मार्च को ही रांची आयेंगे। सभी होटल रेडिसन ब्लू (आवासन सह-सम्मेलन स्थल) और बीएनआर चाणक्या में ठहरेंगे। ऐसे में एसएसपी किशोर कौशल ने सुरक्षा की दृष्टिकोण से होटल रेडिसन ब्लू और चाणक्या बीएनआर के 500 मीटर की परिधि में नो फ्लाइंग जोन और रेड जोन घोषित कर दिया है। इन दोनों क्षेत्रों के 500 मीटर के दायरे में ड्रोन, पारालाइडिंग, हॉट एयर बलून और अन्य संबंधित गतिविधियों पर रोक लगा दी गयी है।
एसएसपी ने इन दोनों क्षेत्रों को नो फ्लाई जोन और रेड जोन घोषित करने के लिए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रांची से अनुरोध किया था। इस अनुरोध पर उपायुक्त ने उक्त स्थलों को नो फ्लाइंग जोन और रेड जोन घोषित करने का निर्देश दिया। डीसी ने इन क्षेत्रों के आस-पास जी-20 समिट के प्रतिनिधियों के आगमन के एक दिन पहले (28 फरवरी) और प्रस्थान के एक दिन बाद (चार फरवरी) तक नो फ्लाइंग जोन-
रेड जोन घोषित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। इस संबंध में एसडीओ ने आदेश जारी कर दिया है।यह आदेश 28 फरवरी पूर्वाह्न 5 बजे से 4 मार्च रात्रि 10 बजे तक लागू रहेगा। होटल रेडिसन ब्लू और होटल चाणक्या बीएनआर के 500 मीटर की परिधि को नो फ्लाई जोन घोषित किया जाता है।