East Singhbhum : बाबर खान की ओर से भगवा को लेकर दिए गए आपत्तिजनक बयान को लेकर जिले में राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के बीच तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। सवर्ण आर्मी और सनातन उत्सव समिति ने इस बयान को सनातन परंपरा, सांस्कृतिक मूल्यों और सामाजिक सौहार्द पर सीधा आघात बताते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया है।
सवर्ण आर्मी के संयोजक अप्पू तिवारी ने मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि भगवा किसी एक राजनीतिक दल या संगठन का प्रतीक नहीं, बल्कि यह भारत की सनातन संस्कृति, त्याग, तपस्या और राष्ट्रबोध का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की भाषा का प्रयोग करोड़ों आस्थावान लोगों की भावनाओं को आहत करता है।
उन्होंने कहा कि मेयर चुनाव जैसे संवेदनशील माहौल में इस तरह के बयान समाज को बांटने और तनाव बढ़ाने वाले हैं। अप्पू तिवारी ने प्रशासन से मांग की कि बाबर खान के खिलाफ त्वरित कानूनी कार्रवाई की जाए और उनसे सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई जाए।
वहीं, सनातन उत्सव समिति के संस्थापक चिंटू सिंह ने भी इस बयान पर कड़ा एतराज जताया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता सभी को है, लेकिन यह स्वतंत्रता किसी समुदाय, आस्था या सांस्कृतिक प्रतीक के अपमान की अनुमति नहीं देती। उनके अनुसार, चुनावी समय में इस तरह के वक्तव्य आदर्श आचार संहिता और संवैधानिक मूल्यों की भावना के विपरीत माने जा सकते हैं।
दोनों संगठनों ने प्रशासन से अपेक्षा जताई कि ऐसे मामलों में विधिसम्मत संज्ञान लिया जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति समाज में वैमनस्य फैलाने वाले बयान देने का दुस्साहस न कर सके और शहर में शांति एवं सौहार्द बना रहे।


