किशनगंज। खगड़ा स्थित सम्राट अशोक भवन में शनिवार को विकसित भारत–जी राम जी अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला स्तरीय पंच सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य त्रिस्तरीय पंचायतीराज संस्थाओं के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मियों को अधिनियम के प्रावधानों और पंचायतों की भूमिका के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी नवीन कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
यह भी पढ़े : नालंदा जिले में 30 साल से जुगाड़ के एंगल पुल से जान जोखिम में डालकर नदी पार करने को मजबूर 5500 ग्रामीण
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार झा ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने सम्मेलन के उद्देश्य एवं महत्त्व पर प्रकाश डाला। सम्मेलन में अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विभिन्न तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। प्रथम सत्र में Wage Employment Programme से VB-G RAM G अधिनियम तक की यात्रा और इसके प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी गई। इसके बाद VB-G RAM G अधिनियम, 2025 पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण के माध्यम से अधिनियम के विभिन्न पहलुओं तथा इसके क्रियान्वयन से जुड़े बिंदुओं को समझाया गया। दोपहर के सत्र में समृद्ध, सम्पन्न एवं स्वावलंबी पंचायत के लिए विकसित ग्राम पंचायत योजना (VGPP) विषय पर चर्चा हुई। इसमें पंचायतों के योजनाबद्ध विकास, विभिन्न योजनाओं के समन्वय और पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए जाने वाले कार्यों पर जानकारी दी गई। इसके बाद VB-G RAM G अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन में ग्राम पंचायत प्रधानों की भूमिका विषय पर विशेष सत्र आयोजित हुआ। इसमें पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियों, सहभागिता और नेतृत्व की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। सम्मेलन के अंतिम तकनीकी सत्र में प्रखंडवार ग्राम प्रधान एवं मुखिया ने प्रस्तुतीकरण दिया। इसमें स्थानीय स्तर पर अधिनियम की उपयोगिता, इसके क्रियान्वयन की संभावनाओं और सामने आने वाली चुनौतियों को लेकर सुझाव साझा किए गए। जनप्रतिनिधियों ने अपने अनुभव भी अधिकारियों के साथ साझा किए।
अधिकारियों ने कहा कि पंचायत स्तर पर योजनाओं का प्रभावी और सहभागी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए जनप्रतिनिधियों एवं कर्मियों में अधिनियम की स्पष्ट समझ जरूरी है। सम्मेलन के माध्यम से पंचायतों को विकास की योजनाओं में अधिक सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ सम्मेलन का समापन हुआ।





