Varanasi : लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार सुबह सिक्योरिटी चेक के दौरान अचानक गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एयरपोर्ट की सुरक्षा जांच से जुड़े दो स्क्रीनर के घायल होने की सूचना है। दोनों को तत्काल उपचार के लिए न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ निवासी कमलेश राय अपनी पत्नी के साथ वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचे थे। उन्हें एयर इंडिया की फ्लाइट IX-1810 से मुंबई जाना था। यात्री के पास लाइसेंसी पिस्तौल थी, जिसकी जानकारी उन्होंने सुरक्षा जांच के दौरान दी।
बताया जा रहा है कि सिक्योरिटी चेक के दौरान AAICLAS (AAI Cargo Logistics & Allied Services) के स्क्रीनर लाइसेंसी पिस्तौल की जांच कर रहे थे। इसी दौरान हथियार से अचानक एक राउंड फायर हो गया। गोली चलने से दो स्क्रीनर घायल हो गए।
घटना सुबह करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है। गोली चलने के बाद एयरपोर्ट परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, स्थिति को तत्काल नियंत्रित कर लिया गया।
वाराणसी एयरपोर्ट के निदेशक ने बताया कि हथियारों की जांच के दौरान एक राउंड फायर हुआ, जिसमें दो AAICLAS स्क्रीनर घायल हुए हैं। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
घटना के बाद एयरपोर्ट सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गोली किन परिस्थितियों में चली और इसमें लापरवाही किस स्तर पर हुई, इसकी जांच की जा रही है। अधिकारी घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रहे हैं।



