DHANBAD : धनबाद में प्रधानमंत्री के सलाहकार तरुण कपूर ने मंगलवार को समाहरणालय सभागार में संशोधित झरिया मास्टर प्लान की समीक्षा की। बैठक में झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकार (जेआरडीए), बीसीसीएल और जिला प्रशासन ने विस्थापितों के पुनर्वास, टाउनशिप विकास, रोजगार एवं बुनियादी सुविधाओं की प्रगति की जानकारी दी।
उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि बेलगड़िया टाउनशिप के 3,737 आवासों के नवीनीकरण का टेंडर हो चुका है। विस्थापित परिवारों को 99 वर्ष का लीज अधिकार देने के साथ स्कूल, स्वास्थ्य, सड़क, जलापूर्ति, बिजली और सीवरेज जैसी सुविधाओं को विकसित किया जा रहा है। 24 घंटे एंबुलेंस, पुलिस पोस्ट, सीसीटीवी नेटवर्क तथा 33 केवी सब-स्टेशन की व्यवस्था भी की जा रही है।
रोजगार के लिए टेक्सटाइल उद्योग स्थापित किया जाएगा, जिससे 600 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है। युवाओं के लिए एआई, डेटा साइंस, कोडिंग एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग की व्यवस्था की गई है। महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है।
तरुण कपूर ने बिजली सब-स्टेशन का कार्य तेज करने, सड़कों को दुरुस्त करने, स्थानीय लोगों को रोजगार में प्राथमिकता देने तथा प्रभावित परिवारों को शीघ्र बेलगड़िया स्थानांतरित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पुनर्वास कॉलोनियों को आधुनिक नागरिक सुविधाओं से युक्त आदर्श कॉलोनी के रूप में विकसित किया जाएगा।
बैठक में रेलवे, एनएचएआई, जेबीवीएनएल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



