इटानगर: अरुणाचल प्रदेश के तिरप जिले में खोंसा जेल में दो कैदियों ने एके सीरीज की राइफल छीनकर पुलिसकर्मियाें पर फायरिंग कर दी। जिससे एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया है। इसके बाद दोनों कैदी फरार हो गए हैं। पुलिस और असम राइफल्स के जवानों ने दोनों कैदियों की तलाश में सघन अभियान चलाया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गये हैं। तिरप पुलिस अधीक्षक ने पत्रकारों को बताया कि फरार दोनों कैदियों की पहचान एनएससीएन के (निकी) गुट के रकसेन होमसा और टिटपू कितन्या के रूप में की गयी है। उन्होंने बताया कि जेल से भागने के दौरान दोनों कैदियों ने मिलकर एक पुलिसकर्मी से उसकी सर्विस राइफल छीन ली और जेल से भागते समय पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी, जिससे कांस्टेबल वांगनियाम बसाई की गोली लगने से मौत हो गई। कैदियों की गोली से एक अन्य पुलिसकर्मी घायल हुआ है, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस संबंध में राज्य के पुलिस महानिदेशक सातिश गोलचा ने बताया कि दोनों कैदियों की तलाश में तिरप जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने अपनी टीम और असम राइफल्स के साथ संयुक्त रूप से इस मामले में एक अभियान शुरू किया है।
© STDigital. Designed by Forever Infotech.



