
Mahakumbh Nagar । महाकुम्भ मेला क्षेत्र में नगर निगम सदन की बैठक पहली बार की गई। महापौर गणेश केसरवानी की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रयागराज शहर के लिए 462 करोड़ के विकास कार्यों को मंजूरी दी गई है। इससे शहर के हर वार्ड में सड़कें, नालियां बनेंगी। शहर के बुनियादी ढांचे, जल निकासी व्यवस्था, आध्यात्मिक पर्यटन और निगम की आय बढ़ाने के लिए मंजूरी दी गई है। प्रयागराज में यमुना नदी पर ’रामसेतु’ बनेगा। साथ ही आध्यात्मिक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए एक अंतरराष्ट्रीय आध्यात्म विश्वविद्यालय खोलने का भी प्रस्ताव पास किया गया है। जिसे निगम की ओर से राज्य सरकार को भेजा जाएगा।
सोमवार को संगम क्षेत्र के त्रिवेणी संकुल, मेला सर्किट हाउस में हुई बैठक में महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि, हम भविष्य का प्रयागराज बनाने जा रहे हैं। आने वाले 50 सालों की सोच को लेकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2025-26 के लिए 462 करोड़ की परियोजनाएं शहर को मिलेंगी। शासन से जो राशि मिली थी उसमें से बची हुई राशि से शहर की गलियों का विकास करेंगे। इसके लिए शासन से अनुमति ली जाएगी।

महापौर ने कहा कि, इतनी भीड़, इतने लोग इस धरा पर नहीं देखे। 13 जनवरी से प्रारम्भ महापर्व आने वाले बदलाव का साक्षी रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के निर्देश और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सारे काम हुए हैं।
बैठक में इन प्रस्तावों पर लगी मुहर
सदन में पारित प्रमुख प्रस्तावों में शहरी बुनियादी ढांचे को सशक्त बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं को मंजूरी दी गई। नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में सड़क और नाली निर्माण के लिए 20 करोड़ का प्रावधान किया गया, वहीं सीमा विस्तार क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार हेतु 28 करोड़ की मंजूरी दी गई। वर्षा जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए 10 करोड़ का नाला निर्माण प्रस्तावित किया गया है। इसके अतिरिक्त, स्टॉर्म वॉटर-अर्डन वॉटर योजना के तहत जलभराव की समस्या के समाधान के लिए ड्रेनेज मास्टर प्लान पर 10 करोड़ तथा विभिन्न क्षेत्रों में जल निकासी की सुविधा के लिए 100 करोड़ की योजना पारित की गई।
शहर में 10 करोड़ की लागत से बनेगा साहित्य पार्क
सी.एम. ग्रिड योजना के अंतर्गत शहर के यातायात और सार्वजनिक सुविधाओं के सुधार के लिए भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सड़क और पार्किंग सुविधाओं को उन्नत करने के लिए 100 करोड़ और नगर निगम क्षेत्र में भवन, पार्क एवं अन्य सार्वजनिक संरचनाओं के निर्माण हेतु 100 करोड़ का बजट स्वीकृत किया गया। निगम 10 करोड़ की लागत से साहित्य पार्क का निर्माण कराएगा। इसके अलावा, 15वें वित्त आयोग से प्राप्त निधि का उपयोग शहर की स्वच्छता व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार में किया जाएगा, जिसमें 27 करोड़ की परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। साथ ही, नगर क्षेत्र में सड़क, नाली निर्माण और अन्य आधारभूत विकास कार्यों के लिए 42 करोड़ का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके बाद सभी पार्षदगणों और नगर आयुक्त को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
भगवान श्रीराम ने यमुना में किया स्नान, अब बनेगा रामसेतु
महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि, प्रयागराज आने के लिए हम जानते हैं कि निषादराज ने उन्हें नाव से गंगा पार कराई। लेकिन ये बहुत कम लोगों को पता है कि भगवान श्रीराम ने यमुना भी पार की और उसमें स्नान भी किया। इसे देखते हुए प्रयागराज के धार्मिक पर्यटन को और अधिक सुलभ व समृद्ध बनाने के लिए ‘रामसेतु’ पैदल पुल निर्माण का प्रस्ताव भी ध्वनिमत से पारित किया गया। ये पैदल पुल अरैल तट को यमुना बैंक रोड तट (बोट क्लब) से जोड़ेगा। यह पुल पर्यटकों के लिए सुविधाजनक होगा और नगर निगम की आय में भी वृद्धि करेगा।
भारत के जीवन दर्शन के लिए अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय खुलेगा
बैठक में प्रयागराज के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व को बढ़ाने के लिए भी महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे गए। नगर निगम ने एक अंतरराष्ट्रीय आध्यात्मिक विश्वविद्यालय की स्थापना का प्रस्ताव पारित किया, जिससे भारत के जीवन दर्शन को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया जा सके। महापौर ने कहा, “प्रयागराज आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र है, जहां ऋषि-मुनियों की परम्परा सदियों से जीवंत रही है। इस विश्वविद्यालय के माध्यम से भारत की जीवन पद्धति, संस्कृति और आध्यात्मिक दर्शन को वैश्विक स्तर पर संरक्षित व प्रचारित किया जा सकेगा।”
12 महीने उपलब्ध कराएंगे रोजगार
महापौर ने आगे कहा, “महाकुंभ के सफल आयोजन से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को लगभग 3 लाख करोड़ का बूस्ट मिला है। प्रयागराज के विस्तार और तेजी से बढ़ते पर्यटन को ध्यान में रखते हुए, अयोध्या और काशी की तरह यहां भी एक विशेष आर्थिक पैकेज की आवश्यकता है। सदन के माध्यम से यह प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा, जिससे प्रयागराज को दीर्घकालिक विकास की नई गति मिलेगी। साथ ही लोगों को 12 महीने रोजगार उपलब्ध हो सकेगा।”
बैठक में पार्षदगण राजू शुक्ला, कुसुमलता गुप्ता, शिव सेवक सिंह पटेल, किरन जायसवाल, भोला तिवारी, अवधेश तिवारी, कामिनी कुशवाहा, सुनीता चोपड़ा, उमेश मिश्रा, नीरज गुप्ता, नेम यादव, अनुपमा पांडेय, साहिल अरोड़ा, अमित सिंह बब्लू, रणविजय सिंह, रोमा भारतीय, विद्या द्विवेदी, मुमताज अंसारी सहित अन्य पार्षद और नगर आयुक्त चंद्रमोहन गर्ग, अपर नगर आयुक्त अरविंद कुमार राय, जोनल अफसर संजय ममगई सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।