DHANBAD : झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) एवं झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुधार की मांग को लेकर छात्रों की राज्यव्यापी भर्ती सुधार यात्रा लगातार जारी है। यात्रा के नौवें दिन धनबाद जिले में झारखंड आंदोलन के पुरोधा विनोद बिहारी महतो के बलियापुर स्थित समाधि स्थल से श्रद्धांजलि अर्पित कर यात्रा की शुरुआत की गई।
समाधि स्थल पर माल्यार्पण कर विनोद बिहारी महतो को श्रद्धांजलि दी गई तथा उनके वंशजों को सम्मानित किया गया। वंशज परिवार की ओर से छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो को विनोद बाबू का सांकेतिक चित्र भेंट किया गया।
इसके बाद लॉ कॉलेज में छात्रों को संबोधित किया गया। किसान चौक एवं मेमको मोड़ पर महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करते हुए यात्रा रणधीर वर्मा चौक पहुंची। स्टेट लाइब्रेरी से पदयात्रा कर पहुंचे छात्रों एवं अभिभावकों को भी संबोधित किया गया।
इस दौरान छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि कोलांचल की धरती आंदोलनों की धरती रही है। विनोद बिहारी महतो के विचारों और उनके बताए रास्ते पर चलते हुए आज भी ‘पढ़ो और लड़ो’ की आवाज बुलंद करने की जरूरत है। युवाओं को शिक्षित होने के साथ-साथ अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना होगा। उन्होंने कहा कि कामरेड ए.के. राय की विचारधारा से प्रेरणा लेकर व्यवस्था की खामियों के खिलाफ सांगठनिक संघर्ष को मजबूत करना होगा।
देर शाम महोदा मोड़ पर विनोद बिहारी महतो को माल्यार्पण कर जनसभा को संबोधित किया गया। इसके बाद भर्ती सुधार यात्रा बोकारो जिले के लिए रवाना हो गई।
यात्रा में देवेंद्र नाथ महतो, राजेश प्रसाद, अयूब अली, अमित कुमार, उम्मीद हबीबा, प्रेम नायक, उदय मेहता, खुशबू कुमारी, अजहरुद्दीन आलम, मुदस्सिर नवाज समेत बड़ी संख्या में छात्र एवं अभिभावक शामिल हुए।



