नई दिल्ली : सेना में भर्ती के लिए बनाई गई अग्निपथ योजना में सरकार की ओर से आयु सीमा बढ़ाने के बाद भी प्रदर्शन थमने का नाम नहीं ले रहा है। शक्रवार को यूपी,बिहार और तेलंगाना में प्रदर्शनकारियों ने ट्रेनें फूंक दीं। कई जगह रेलवे ट्रैक और सड़क जाम कर दी गई। इस बीच रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेल संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचाने की अपील की है। तेलंगाना के सिकंदराबाद में ट्रेन के एक रेल कोच में आग लगा दी गई। रेलवे स्टाफ ने तुरंत ही उस कोच में सवार 40 यात्रियों को निकालकर सबकी जान बचा ली। यात्रियों में बच्चे भी शामिल थे।फिरोजाबाद में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर 4 बसों में तोड़फोड़ करके जाम लगाया गया। हरियाणा के नारनौल में भी युवाओं ने जाम लगा दिया है। तेलंगाना के सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन में भी आगजनी और तोड़फोड़ हुई है। यहां हुए हिंसक प्रदर्शन में एक की मौत हो गई। दूसरी मौत बिहार के लखीसराय जिले में हुई है। राजस्थान के भरतपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मी को लहूलुहान कर दिया। आंदोलन के कारण 200 ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। पूरे देश में 35 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं, जबकि 13 को कुछ समय के लिए रद्द किया गया है। यूपी के बलिया में सुबह पांच बजे से प्रदर्शन शुरू हो गया। यहां कई गाड़ियों के शीशे तोड़े गए। पुलिस ने एक उपद्रवी को हिरासत में लिया है।अग्निपथ योजना पर मचे बवाल के बीच सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने कहा कि अग्निवीरों की भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू होने वाली है। अगले 2 दिनों के भीतर नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। उसके बाद हमारे सेना भर्ती संगठन पंजीकरण और रैली का विस्तृत कार्यक्रम घोषित करेंगे। वहीं, भारत वायुसेना के प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी ने कहा कि वायु सेना के लिए भर्ती प्रक्रिया 24 जून से शुरू होगी।
Follow our Facebook Page 👉
Follow Us
Follow us on X (Twitter) 👉
Follow Us
Follow our Instagram 👉
Follow Us
Subscribe to our YouTube Channel 👉
Subscribe Now
Join our WhatsApp Group 👉
Join Now
Follow us on Google News 👉
Follow Now