पटना। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश की एकमात्र ऐसी राजनीतिक पार्टी है, जिसने संगठन और सत्ता में परिवारवाद के बजाय कार्यकर्ता की मेहनत, निष्ठा और संघर्ष को प्राथमिकता दी है। उन्होंने मंगलवार को यहां कहा कि आज भी देश में यह धारणा बनी हुई है कि पद और अवसर केवल अपने आसपास के लोगों या किसी एक परिवार तक सीमित रहते हैं, लेकिन भाजपा ने इस सोच को तोड़कर दिखाया है।
यह भी पढ़े : जनता के साथ जुड़ कर रहना ही किसी नेता की असली पहचान : नितिन नबीन
सम्राट चौधरी ने कहा कि भाजपा ने पहली पीढ़ी से आगे बढ़कर तीसरी पीढ़ी तक के कार्यकर्ता को नेतृत्व सौंपने का साहस दिखाया है। यह हिम्मत किसी अन्य पार्टी में नहीं है। चौधरी ने राजद और सपा को आड़े हाथ लेते हुए कहा-चाहे राष्ट्रीय जनता दल हो, समाजवादी पार्टी हो या तृणमूल कांग्रेस, वहां नेतृत्व और पद हमेशा एक ही परिवार के इर्द-गिर्द है। पार्टी का नेतृत्व उसी परिवार से निकलती है।
उन्होंने कहा कि इसके विपरीत भाजपा में एक साधारण कार्यकर्ता भी मेहनत और समर्पण के बल पर देश का प्रधानमंत्री बन सकता है। यह पार्टी परिवारवाद पर नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद और कार्यकर्ता के सम्मान पर चलती है। सम्राट चौधरी ने नितिन नवीन के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि नितिन नवीन ने करीब 20 वर्षों तक सरकार और संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। वे बिहार सरकार में मंत्री रहते हुए कई विभागों का कार्यभार संभाल चुके हैं और संगठन को मजबूत करने में उनका योगदान रहा है।
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बांकीपुर विधायक नितिन नवीन के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद उनके स्वागत में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।




