पूर्वी सिंहभूम। पूर्वी सिंहभूम जिले के कमलपुर थाना क्षेत्र में गौ तस्करी की आशंका से जुड़ा एक मामला सामने आया है। बांगुड़दा साहेब बांध के समीप बुधवार तड़के एक स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में मिली, जिसमें से पुलिस ने दो गायों को बरामद किया। घटना के बाद वाहन में सवार सभी लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस ने स्कॉर्पियो को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े : जन्नाथपुर मेला परिसर में शराब की बिक्री पर पुर्णत: बैन, डीसी ने दिया निर्देश
जानकारी के अनुसार सुबह स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क किनारे झाड़ियों में फंसी एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को देखा। वाहन के भीतर गाय के होने की सूचना मिलने पर कमलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों गायों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें अपने संरक्षण में ले लिया।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि गायों को अवैध रूप से पश्चिम बंगाल की ओर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गई और झाड़ियों में जा घुसी। दुर्घटना के बाद तस्करी में शामिल लोगों ने वाहन को निकालने की कोशिश की, लेकिन असफल रहने पर स्कॉर्पियो और गायों को छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस को जब्त वाहन पर कोई पंजीकरण संख्या नहीं मिली है, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गायों को कहां से लाया गया था, उनका अंतिम गंतव्य क्या था और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।
कमलपुर थाना प्रभारी दीपक कुमार ठाकुर ने बताया कि वाहन जब्त कर लिया गया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। फरार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस गौ तस्करी के संभावित एंगल को ध्यान में रखते हुए मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।




