बक्सर। चौसा प्रखंड के होनहार वॉलीबॉल खिलाड़ी विशाल कुशवाहा ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचकर पूरे जिले का नाम रोशन किया है। नेशनल वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए पटना टीम से उनका चयन होते ही चौसा सहित जिले में खुशी की लहर दौड़ गई।
यह भी पढ़े : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया कुम्हरार पार्क का निरीक्षण, सौंदर्यीकरण के दिए निर्देश
विशाल ने अपनी खेल यात्रा की शुरुआत गांव और स्कूल स्तर से की थी। चौसा आदर्श उच्च विद्यालय से नेतृत्व करते हुए उन्होंने जिला और राज्य स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया, जिसका परिणाम आज राष्ट्रीय चयन के रूप में सामने आया है।
नेशनल टीम में चयन के बाद गृह क्षेत्र लौटने पर ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया। इस मौके पर बिहार सरकार के राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य राजू खरवार ने उन्हें सम्मानित करते हुए कहा कि अनुशासन और निरंतर अभ्यास ही सफलता की कुंजी है।
उल्लेखनीय है कि विशाल एक साधारण परिवार से आते हैं, उनके पिता सोना सिंह कुशवाहा सब्जी की खेती कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनकी सफलता से क्षेत्र के युवाओं को खेल को करियर बनाने की नई प्रेरणा मिली है।


