खूंटी। आरसी बालक मध्य विद्यालय के प्रिंसिपल फादर बेनेदिक्त बारला पर 20 अक्टूबर की रात हुए जानलेवा हमले के विरोध में शुक्रवार को खूंटी में ईसाई संगठनों ने मौन जुलूस निकाला।
यह भी पढ़े : झारखंड के 17 जिलों में 28 और 29 को भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट
जुलूस में मसीही समुदाय के लोगों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों के लोग शामिल हुए। जुलूस के माध्यम से लोगों ने घटना पर आक्रोश जताते हुए न्याय की मांग की और फादर बेनेदिक्त बारला के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
मौन जुलूस कचहरी मैदान से शुरू होकर मेन रोड होते हुए भगत सिंह चौक पहुंचा। यहां से जुलूस वापस लौटकर लोयोला इंटर कॉलेज परिसर पहुंचा, जहां सभी लोगों ने सामूहिक प्रार्थना की। प्रार्थना के दौरान फादर बेनेदिक्त बारला के जल्द स्वस्थ होने और क्षेत्र में शांति एवं सद्भाव बनाए रखने की कामना की गई।
साप्ताहिक हाट और मौन जुलूस के कारण शहर की यातायात व्यवस्था कुछ समय के लिए प्रभावित रही।
सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस के अधिकारी और जवान विभिन्न स्थानों पर तैनात रहे। एहतियातन कुछ वाहनों को शहर में प्रवेश से पहले वैकल्पिक मार्गों पर रोका गया।



