गढ़वा। जिले की श्री बंशीधर नगर पुलिस ने थाना क्षेत्र के भोजपुर गांव में पिछले दिनों जनजातीय महिला के साथ डायन कहकर मारपीट और खौलता हुआ पानी डालने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुये छह आरोपितों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। गिरफ्तार आरोपितों में प्रमिला देवी (52), दया उरांव (68), गया उरांव (70), सोनू उरांव (24), बिकेश उरांव उर्फ बिकाश उरांव (28) एवं श्रद्धा देवी (50) शामिल हैं। सभी भोजपुर गांव के रहने वाले हैं।
यह भी पढ़े : गोड्डा होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज में 2026-27 सत्र में 63 सीटों पर बीएचएमएस जारी रहेगा
उल्लेखनीय है कि 22 अगस्त की शाम में भोजपुर गांव निवासी विशुनदेव उरांव की पत्नी दिलबसिया देवी (55 वर्ष) को डायन-बिसाही के आरोप में उसके साथ उसके पटीदारों ने बर्बरतापूर्ण कार्रवाई करते हुये मारपीट के बाद उसके शरीर पर ख़ौलता हुआ गर्म पानी डाल दिया था। घटना के बाद पीड़िता दर्द से तड़पती हुई किसी तरह सड़क तक पहुंची थी।
इधर, घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल पीड़िता को इलाज के लिये अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया था। पुलिस ने पीड़िता के फर्द बयान के आधार पर थाना में मामला दर्ज किया था। जांच के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुये आधा दर्जन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। बाद में पुलिस ने सभी को रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
नगर ऊंटारी थाना के थाना प्रभारी उपेन्द्र कुमार ने लोगों से अपील की है कि डायन-बिसाही और अंधविश्वास पर विश्वास नहीं करें। किसी महिला या पुरुष को डायन बताकर प्रताड़ित करना या उसके साथ हिंसा करना कानूनन अपराध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि डायन-बिसाही का आरोप लगाने या किसी व्यक्ति को डायन ठहराकर प्रताड़ित करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी।
थाना प्रभारी ने लोगों से किसी भी तरह की ऐसी शिकायत या घटना सामने आने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने को कहा। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं पर पुलिस त्वरित कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि डायन-बिसाही के नाम पर महिलाओं के साथ होने वाली हिंसा सिर्फ एक सामाजिक कुरीति नहीं, बल्कि गंभीर अपराध है।



