पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके आवास 1 अणे मार्ग में दिव्यांगजनों ने मुलाकात कर सामाजिक सुरक्षा पेंशन राशि में ढाई गुणा से अधिक बढ़ोत्तरी किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके प्रति आभार प्रकट किया।

यह भी पढ़े : नशा मुक्त भारत अभियान के तहत 26 को मैराथन, उपायुक्त ने दिया तैयारी पूरा करने का निर्देश
मुलाकात के क्रम में सबसे पहले दिव्यांगजनों ने मुख्यमंत्री को पुष्प गुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजनों से बातचीत करते हुए कहा कि मैं आप सभी का अभिनंदन करता हूं, आप सभी बुलंद रहिए। हमलोग सम्पूर्ण बिहार के विकास और हर तबके के उत्थान के लिए निरंतर काम कर रहे हैं। आप सभी की जो भी जरूरतें होंगी उसे पूरा किया जाएगा।
दिव्यांगजनों ने मुख्यमंत्री की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि में एक ही फैसले से इतनी अधिक बढ़ोत्तरी कर आपने इतिहास बदलने का काम किया है। हम सब आपके प्रति आभार प्रकट करते हैं। आपके इस फैसले से हम सभी दिव्यांगजनों का मनोबल काफी बढ़ा है, आपका यह निर्णय एक क्रांतिकारी कदम है। हम सभी आपके साथ हैं। सामाजिक सुरक्षा पेंशन में इजाफा होने से उत्साहित दिव्यांगजनों ने मुख्यमंत्री के समर्थन में नारेबाजी भी की।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 21 जून को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना में ढाई गुणा से अधिक इजाफा करने का निर्णय लिया। इस फैसले के तहत सभी वृद्धजनों, दिव्यांग व्यक्तियों और विधवा महिलाओं को अब 400 रुपये की बजाय 1100 रुपये प्रतिमाह पेंशन मिलेगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस निर्णय से 1 करोड़ 9 लाख 69 हजार 255 लाभार्थियों को फायदा मिलेगा।
इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, मध निषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री रत्नेश सादा, विधायक गुंजेश्वर साह, विधान पार्षद ललन सर्राफ, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, पूर्व सांसद अनिल हेगड़े, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा सहित अन्य दिव्यांगजन उपस्थित थे।


