बरेली। बरेली के महापौर डॉ. उमेश गौतम ने गुरुवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। करीब आधे घंटे चली इस मुलाकात में बरेली के विकास, अतिक्रमण हटाओ अभियान, नगर निगम की नई योजनाओं और प्रदेश के अन्य नगर निगमों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई।
यह भी पढ़े : सदर अस्पताल रांची में बनेगा 200 बेड की सुपर स्पेवशलिटी ब्लॉ्क : अजय
महापौर डॉ. गौतम ने मुख्यमंत्री को बरेली में चल रहे विकास कार्यों, शहर की प्रमुख जरूरतों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नगर निगम शहर में जनसुविधाओं के विस्तार, सड़क, सफाई, जलनिकासी, पार्क और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार काम कर रहा है।
डॉ. उमेश गौतम उत्तर प्रदेश महापौर परिषद के अध्यक्ष भी हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 17 नगर निगमों में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी भी ली। मुख्यमंत्री ने जल्द ही सभी नगर निगमों की समीक्षा बैठक बुलाने का आश्वासन दिया। माना जा रहा है कि इस बैठक में शहरी विकास, नई परियोजनाओं, नगर निगमों की वित्तीय स्थिति और जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने बरेली में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान की प्रगति की भी जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान लगातार जारी रखा जाए और शहर को व्यवस्थित बनाने के लिए सख्ती के साथ कार्रवाई की जाए। साथ ही विकास कार्यों में तेजी लाने और जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
महापौर ने मुख्यमंत्री से कहा कि बरेली तेजी से विकसित हो रहा शहर है और यहां कई बड़ी परियोजनाओं की जरूरत है। इस पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए शहर के विकास के लिए नई योजनाओं को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने का भरोसा दिया। इससे बरेली में आने वाले समय में कई नई परियोजनाओं के शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है।
मुलाकात के दौरान महापौर डॉ. उमेश गौतम ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भगवान हनुमान जी की भव्य प्रतिमा भी भेंट की। महापौर ने कहा कि यह प्रतिमा शुभकामनाओं और बरेली के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने भी इस भेंट को स्वीकार करते हुए शहर के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का सकारात्मक संदेश दिया।


