Lucknow: पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार भारतीय मजदूर संघ (BMS) की बुधवार को लखनऊ (Lucknow) के ईको गार्डेन (Eco Garden) में ‘जागो सरकार-मजदूर आपके द्वार’ के नारे के साथ रैली हुई। इस रैली में शामिल होने के लिए प्रदेशभर से विभिन्न विभागों के असंगठित व संगठित क्षेत्र के हजारों की संख्या में कर्मचारी व बड़ी संख्या में महिलाएं इको गार्डेन पहुंचे।
इस मौके पर भारतीय मजदूर संघ के क्षेत्र संगठन मंत्री अनुपम ने कहा कि विभिन्न विभागों में कार्यरत नियमित, संविदा व आउटसोर्सिंग के लाखों कर्मचारियों की समस्याएं बहुत दिनों से लंबित पड़ी हैं। संगठन ने कई बार इन कर्मचारियों की समस्याओं को सरकार के सामने रखीं। लेकिन समस्याओं के निराकरण में सरकार ने रूचि नहीं दिखाई।
ये भी पढ़ें : –स्मार्ट सिटी कॉन्टेस्ट में रांची ने लहराया परचम, जीता बेस्ट परफॉर्मर सिटी का अवार्ड
उन्होंने कहा कि अधिकांश विभागों में बड़ी संख्या में संविदा व आउटसोर्संग के कर्मचारी काम कर रहे हैं। इनकी कोई नियमावली न होने की वजह से इन कर्मचारियों को कभी भी नौकरी से निकाल दिया जाता है। उनको पूरा वेतन भी नहीं दिया जाता है। इनके लिए सामाजिक सुरक्षा भी नहीं है। सरकार कर्मचारियों को सभी सुविधाएं प्रदान करे।
अनुपम ने कहा कि आज की रैली के बाद यदि सरकार हमारी मांगों को नहीं मानती है तो मजदूर संघ प्रदेशव्यापी आन्दोलन करेगा।