लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सआदतगंज थाना क्षेत्र में सोमवार को कार खड़ी करने को लेकर दो पड़ोसी आपस में भिड़ गये। इस दौरान एक पक्ष ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर तीन लोगों की हत्या कर दी है। मरने वालों में पिता—पुत्र और भाई शामिल है। घटना की जानकारी के बाद पहुंची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े : ‘नर सेवा-नारायण सेवा’ के भाव से जनसेवा कर रही सरकार : मुख्यमंत्री याेगी
डीसीपी पश्चिम जितेंद्र श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार की सुबह करीब साढ़े 10 बजे थाना सआदतगंज क्षेत्रांतर्गत ब्राह्मणी टोला, नौबस्ता में बरगद के पेड़ के पास खाली पड़ी जमीन पर कार खड़ी करने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। इसमें विपक्षी ऋषभ शुक्ला ने दूसरे पक्ष के लोगों ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इसमें गोली लगने से शिवाजी तिवारी (65) और उनके भाई शिवेंद्र तिवारी (55) की मौके पर मौत हो गई। जबकि शिवाजी के बेटे सुयश तिवारी के सिर में और शंभू के सीने में गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। सुयश ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच की। हत्या आरोपित ऋषभ शुक्ला हिरासत में ले लिया गया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्टल एवं 04 अदद खोखा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस की जांच में पता चला है कि शिवाजी तिवारी घर के बाहर बने बरगद के पेड़ के नीचे चबूतरा बनवाना चाहते हैं, लेकिन ऋषभ का परिवार इसका विरोध कर रहा है। आज कार खड़ी करने को लेकर विवाद हो गया, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या हो गई है। आरोपित गिरफ्तार कर लिया गया है। परिवार से पता चला है कि सुयश की अगले महीने शादी होने वाली थी। पुलिस सभी बिन्दुओं पर जांच कर रही है।


