लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जनपद में शनिवार दोपहर भीरा थाना क्षेत्र में भीरा-पलिया नेशनल हाईवे पर ट्रक और बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो नर्सिंग छात्राओं समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं, इस घटना का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान में लिया है। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना की व्यक्त करते हुए अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़े : उप्र में 2017 से पहले था रूल ऑफ माफिया, हमने लागू किया ‘रूल ऑफ लॉ : मुख्यमंत्री योगी
थाना प्रभारी अमित पाण्डेय ने बताया कि निघासन क्षेत्र के बोटनपुरवा निवासी रामखिलावन की बेटी क्रांति (24) वन बीट कॉलेज में बीएससी नर्सिंग और प्रियंका (25) जीएनएम का कोर्स कर रही थी। कॉलेज में अवकाश होने के कारण दोनों छात्राएं अपने रिश्तेदार के साथ बाइक से अपने घर जा रही थीं। रास्ते में भीरा से पलिया की ओर जाते समय रपटा पुल के पास सामने से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों छात्राओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं,ट्रक को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे में तीसरे मृतक की उम्र 32 वर्ष है, समाचार लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस घटना की जांच कर रही है।



