पटना: महर्षि दयानंद सरस्वती के 200वें जयंती वर्ष और आर्य समाज की स्थापना के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मीठापुर स्थित दयानंद स्कूल में विराट आर्य महासम्मेलन सह राष्ट्र निर्माण महायज्ञ की मंगलवार से शुरुआत हो गई। महासम्मेलन का मुख्य कार्यक्रम 11 से 13 अप्रैल तक अलग-अलग सत्रों में होगा। इस दौरान राज्य सरकार के दोनों उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल, मंत्री विजय कुमार चौधरी, डॉ. सुनील कुमार, संजय सरावगी, दिल्ली आर्य प्रतिनिधि सभा के महामंत्री विनय आर्य समेत अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।
यह भी पढ़े : भावी पीढ़ी को ध्यान में रखते हुए सहकारिता की गतिविधियां संचालित की जाएं : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
यह जानकारी बिहार राज्य आर्य प्रतिनिधि सभा के मुख्य संरक्षक एवं पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद ने मंगलवार को दयानंद कन्या विद्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दी।
उन्होंने बताया कि छह दिवसीय अनुष्ठान बिहार राज्य आर्य प्रतिनिधि सभा, पटना और आर्य प्रादेशिक प्रतिनिधि उपसभा, बिहार के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
पूर्व राज्यपाल ने बताया कि 11 अप्रैल शुक्रवार को संध्या 4 बजे पटना के वीर कुंवर सिंह पार्क (हार्डिंग पार्क) से गाजे बाजे के साथ भव्य शोभा यात्रा निकलेगी जो मीठापुर स्थित दयानंद कन्या विद्यालय पहुंचेगी। शोभा यात्रा में राज्य के विभिन्न आर्य समाज और शिक्षण संस्थाओं के तकरीबन पांच हजार प्रतिनिधि भाग लेंगे।
महासम्मेलन के दौरान यजुर्वेद पारायण महायज्ञ, वैदिक विद्वानों के सारगर्भित उपदेश एवं भजनोपदेश के अलावा अलग-अलग सत्रों में शिक्षा सम्मेलन, राष्ट्र रक्षा सम्मेलन, आर्य महिला सम्मेलन और आर्यवीर दल सम्मेलन भी होगा। सम्मेलन में उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली समेत देश के कई राज्यों के वैदिक विद्वान शामिल होंगे।
संवाददाता सम्मेलन में बिहार राज्य आर्य प्रतिनिधि सभा के प्रधान डॉ. संजीव चौरसिया, मंत्री रमेंद्र कुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष सत्यदेव प्रसाद गुप्ता, मनोज आर्य, संजय गुप्ता के अलावा अन्य वरीय पदाधिकारी मौजूद थे।
ब्रहमचारिणियों ने किया सस्वर वेद पाठ
पहले दिन यजुर्वेद पारायण महायज्ञ से कार्यक्रम की शुरुआत हुई जिसमें वाराणसी से आईं ब्रह्मा आचार्या अनामिका शास्त्री व पाणिनी कन्या महाविद्यालय की ब्रहमचारिणियों ने स्स्वर वेद पाठ किया। आचार्य प्रभामित्र शास्त्री ने प्रवचन में महर्षि दयानंद सरस्वती के विचारों को आत्मसात करने पर ज़ोर दिया। यज्ञ में दयानंद कन्या विद्यालय की प्राचार्या, शिक्षिकाएं, छात्राएं और दयानंद विद्यालय के शिक्षक व छात्रों ने भी भाग लिया। महायज्ञ 13 तक सुबह और शाम दो पालियों में चलेगा।