पश्चिमी सिंहभूम। पश्चिमी सिंहभूम जिले के कराइकेला थाना क्षेत्र के कोलजोमरो गांव में डायन-बिसाही के आरोप में एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी बरामद कर लिया है। रविवार को चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
यह भी पढ़े : जमशेदपुर में 50 जनजातीय जोड़ों का हुआ सामूहिक विवाह
रविवार को कराइकेला थाना प्रभारी प्यारे हसन ने बताया कि 24 अक्टूबर को कराइकेला थाना को कोलजोमरो गांव में एक महिला की हत्या किए जाने की सूचना मिली थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस पदाधिकारियों के निर्देश पर चक्रधरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। जांच के दौरान मृतका की पहचान साधुचरण सुम्बरूई की पत्नी के रूप में हुई, जो कोलजोमरो गांव की निवासी थी।
मृतका के पति साधुचरण सुम्बरूई के लिखित आवेदन के आधार पर कराइकेला थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया। पुलिस जांच के अनुसार, आरोपियों ने महिला पर डायन होने का आरोप लगाया था। इसी विवाद में कथित रूप से रात के समय उसके घर पहुंचकर लकड़ी के डंडे से मारपीट की गई और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई।
इस मामले में पुलिस ने बुधू होनहागा, मार्टिन दिग्गी, मारतुस होनहागा और मधुसूदन होनहागा को गिरफ्तार किया है।
चारों आरोपित कराइकेला थाना क्षेत्र के जोनुआ गांव के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल लकड़ी का डंडा भी बरामद किया है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर सभी आरोपितों को जेल भेज दिया है।



