सारण। जयप्रकाश विश्वविद्यालय में लंबित मांगों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने आज परिसर में एक दिवसीय धरना दिया। आंदोलन के दौरान विश्वविद्यालय के कुलसचिव एवं छात्र कल्याण पदाधिकारी के साथ हुई वार्ता पूरी तरह विफल रही, जिसके बाद अभाविप ने अनिश्चितकालीन अनशन शुरू कर दिया है।
प्रदर्शन के दौरान अभाविप ने विद्यार्थियों की लंबित मार्कशीट का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। वक्ताओं ने कहा कि सत्र 2025-29 के विद्यार्थियों की अब तक एक भी मार्कशीट जारी नहीं की गई है, जिससे उन्हें आगे के नामांकन और अन्य परीक्षाओं में काफी परेशानी हो रही है। साथ ही, फीस में की गई अनियमित वृद्धि और सत्र 2023-27 के छात्रों की परीक्षा से जुड़ी समस्याओं के तुरंत समाधान की मांग की गई।
वार्ता विफल होने पर प्रांत एसएफडी संयोजक रवि पांडे और प्रांत सह मंत्री यशवंत कुमार अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठ गए हैं। परिषद ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक विश्वविद्यालय प्रशासन स्थायी समाधान नहीं निकालता, तब तक यह अनशन जारी रहेगा।


