पश्चिमी सिंहभूम। पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय स्थित पुलिस केंद्र, चाईबासा में बुधवार को पुलिस संस्मरण दिवस के अवसर पर बलिदान दिेये पुलिसकर्मियों की स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने देश की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आम नागरिकों की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को नमन किया। शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को याद किया गया।
कार्यक्रम में कोल्हान प्रक्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक अनुरंजन किस्पोट्टा, पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेनू, अपर पुलिस अधीक्षक अभियान राहुल देव बड़ाईक, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय पूजा कुमारी, सदर चाईबासा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी, प्रशिक्षु आईपीएस राजकुमार जयरामू, प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक बिरजू कुमार मेहता और अमित कुमार सहित कई पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। पुलिस केंद्र के सार्जेंट मेजर मंसु गोप, सदर थाना प्रभारी चंद्रशेखर चौधरी, मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार तथा सार्जेंट संतोष कुमार, प्रतीक कुमार और सुनील किस्पोट्टा ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर पुलिस एसोसिएशन और पुलिस मेंस एसोसिएशन चाईबासा के पदाधिकारी तथा पुलिस बल के जवान मौजूद थे।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों और आश्रितों से भी अधिकारियों ने मुलाकात की। उनसे सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली गई। पुलिस प्रशासन ने उनकी परेशानियों के समाधान के लिए जरूरी कदम उठाने तथा हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
पुलिस संस्मरण दिवस पर दुमका जिला बल के बलिदान पुलिस अवर निरीक्षक हेमंत भगत के बलिदान को याद किया गया, जो सड़क जाम हटाने के दौरान शहीद हुए थे। वहीं, पलामू जिला बल के शहीद आरक्षी सुनील राम और आरक्षी सनातन कुमार मेहता को भी श्रद्धांजलि दी गई। दोनों नक्सलियों के साथ मुठभेड़ के दौरान शहीद हुए थे।



