वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में प्रयागराज-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार तड़के तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से स्कॉर्पियो सवार चार लोगों की मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
मुख्यमंत्री ने स्थानीय अफसरों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया है। उन्हाेंने मृतकों के परिजनों से संवाद कर हर संभव सहायता पहुंचाने के भी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है।
बताते चलें कि यह हादसा जिला मुख्यालय से लगभग 27 किलोमीटर दूर मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रूपापुर गांव के पास ओवरब्रिज पर हुआ। स्कॉर्पियो कार सवार सभी लोग विंध्याचल में दर्शन करने के बाद काशी लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी गाड़ी में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो कार का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद एक व्यक्ति ओवरब्रिज से करीब 30 फुट नीचे सड़क पर जा गिरा, जबकि दो अन्य लोग वाहन की सीटों के बीच फंस गए। भीषण दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने गैस कटर की मदद से वाहन को काटकर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला।
वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट के गोमती जोन के राजातालाब सर्किल के सहायक पुलिस आयुक्त वीर सिंह के अनुसार, पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है। दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो का पंजीकरण नंबर यूपी 65 ईबी 2199 बताया गया है। हादसे के कारणों और ट्रक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। मृतकों की पहचान अमन यादव, गोलू और आलोक मिश्र के रूप में हुई है। एक अन्य की पहचान नहीं हो पाई है। घायलों में कन्हैया यादव, निखिल कुमार हैं। मृतक और घायल चमांव गांव के बताए जा रहे हैं। सभी विंध्यधाम से दर्शन पूजन कर घर लौट रहे थे। उनके गांव से कुछ दूर पहले ही यह हृदयविदारक घटना हाे गई।



