बक्सर। आगामी 17 सितंबर से शुरू होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में नगर विकास एवं आवास विभाग की समीक्षा बैठक हुई। जिला पदाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर नगर निकायों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
यह भी पढ़े : मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर की बैठक
जिला पदाधिकारी ने सभी नगर निकायों को वार्ड स्तर तक पूरी तरह मुस्तैद रहने का निर्देश देते हुए कहा कि अभियान के दौरान महत्वपूर्ण घाटों, मंदिरों एवं अन्य प्रमुख स्थलों पर विशेष साफ-सफाई के साथ दीप प्रज्वलन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके लिए पहले से विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। शहरी क्षेत्रों में जलजमाव की समस्या को लेकर नालों की नियमित उड़ाही और साफ-सफाई कराने तथा डोर-टू-डोर कचरा उठाव को शत-प्रतिशत प्रभावी बनाने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा चौक-चौराहों पर लाइटिंग और पेंटिंग कराने को कहा गया।
सदर अस्पताल परिसर को भी अभियान के तहत बेहतर स्वरूप देने के लिए सिविल सर्जन से समन्वय स्थापित कर पेंटिंग कार्य सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। डीएम ने अधिकारियों को आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए ‘सेवा संकल्प अभियान’ को सफल बनाने की हिदायत दी।


