नई दिल्ली : अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को शहर में राहुल गांधी द्वारा एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी को निशाना बनाए जाने को भाजपा ने भारत का अपमान करार दिया है। भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया है कि राहुल गांधी अपमान तो प्रधानमंत्री मोदी का करना चाहते हैं, लेकिन विदेशों में भारत को नीचा दिखाने में कोई कसर नहीं छोड़ते हैं। केंद्रीय मंत्री ने राहुल के कार्यक्रम को प्रायोजित बताते हुए कहा है वह विदेश में क्या पाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल जब जब विदेश गए तो उन्होंने देश पर प्रश्न-चिह्न खड़े किए। उन्होंने कहा कि एक तरफ तो भारत के बढ़ते कदमों की चर्चा दुनिया करती है, भारत में भविष्य देखती है और दूसरी तरफ कांग्रेस और राहुल इसको हजम नहीं कर पाते हैं।
अनुराग ठाकुर ने बयान में कहा है कि पीएम मोदी ने हाल ही में अपनी विदेश यात्रा के दौरान लगभग 24 पीएम और दुनिया के राष्ट्रपतियों से मुलाकात की और 50 से अधिक बैठकें कीं। दुनिया के कई नेताओं का कहना है कि मोदी सबसे लोकप्रिय नेता हैं। जब आॅस्ट्रेलियाई पीएम ने कहा ‘पीएम मोदी इज द बॉस’, राहुल गांधी यह पचा नहीं पाते।
केंद्रीय मंत्री ने कहा : राहुल गांधी विदेशों में कह रहे 80 के दशक में दलितों पर, अनुसूचित जाति के परिवारों पर अत्याचार होता था। वह यह बताना भूल गये कि तब देश और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी। राहुल गांधी बताएं क्या दलितों, अनुसूचित जाति के लोगों व अल्पसंख्यकों पर अत्याचार को कांग्रेस का संरक्षण मिला था।
विदेश यात्रा में भारत का अपमान करना राहुल गांधी की आदत : अनुराग ठाकुर
Previous Articleमुख्यमंत्री से मिले भारतीय तटरक्षक बल के आईजी
Next Article अमरेंदु प्रकाश ने सेल अध्यक्ष का कार्यभार ग्रहण किया