रामगढ़। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटीईटी) के सफल और कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को डीसी ऋतुराज और एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
यह भी पढ़े : रांची डीजे हत्याकांड : जांच में खामियों पर हाई कोर्ट नाराज, चार नवंबर को एसएसपी तलब
झारखंड अधिविध परिषद (जेएसी) की ओर से एक नवंबर को परीक्षा आयोजित की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने महर्षि परमहंस बीएड कॉलेज, डिवाइन ओंकार मिशन विद्यालय, राधा गोविंद सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय कोयरी टोला और कृष्ण वल्लभ प्लस टू उच्च विद्यालय, लारी में परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान संबंधित पदाधिकारियों और केंद्राधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
डीसी ऋतुराज ने सभी परीक्षा केंद्रों पर विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा निष्पक्ष, पारदर्शी और निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न होनी चाहिए। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी दिशा-निर्देशों और मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) का सख्ती से पालन करने को कहा गया।
अधिकारियों ने केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता और कार्यशीलता, साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की। इसके अलावा निर्धारित सीटिंग प्लान, आवश्यक अभिलेखों के संधारण, परीक्षार्थियों की फ्रिस्किंग और वीक्षकों की जिम्मेदारियों का जायजा लिया गया।
डीसी ने केंद्राधीक्षकों को परीक्षा में प्रतिनियुक्त सभी कर्मियों की ब्रीफिंग सुनिश्चित करने और परीक्षा से संबंधित तैयारियां समय से पहले पूरी करने का निर्देश दिया। वहीं, एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी अभय कुमार शील सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।


