किशनगंज। जिले में संचालित विकास एवं निर्माण योजनाओं को समय पर पूरा कराने को लेकर जिलाधिकारी नवीन कुमार ने मंगलवार को संबंधित पदाधिकारियों और अभियंताओं के साथ समीक्षा बैठक की। डीएम ने योजनावार भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की जानकारी लेते हुए लंबित कार्यों में तेजी लाने, निर्माण में आ रही बाधाओं का तत्काल समाधान कराने तथा गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं करने का सख्त निर्देश दिया।
बैठक में पंचायत सरकार भवनों के निर्माण की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में कुल 47 योजनाओं में 34 पूर्ण, जबकि 13 अपूर्ण हैं। डीएम ने लंबित भवनों के निर्माण में तेजी लाने और संबंधित पदाधिकारियों को नियमित स्थल निरीक्षण कर प्रगति की निगरानी करने का निर्देश दिया। शिक्षा विभाग की योजनाओं पर विशेष निगरानी के निर्देश देते हुए डीएम ने किचन शेड, चारदीवारी, विद्युत कार्य, मरम्मत, शौचालय समेत अन्य निर्माण कार्यों की स्थिति जानी। विभाग की कुल 191 योजनाओं में 167 पूर्ण और 12 अपूर्ण बताई गईं। उन्होंने विद्यालयों से जुड़े अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने तथा निर्माण की गुणवत्ता और उपयोगिता सुनिश्चित करने को कहा।
डीएम ने भूमि एवं स्थल संबंधी समस्याओं का संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर शीघ्र समाधान कराने का निर्देश दिया। बैठक में VVP-II (वाइब्रेंट विलेजेज प्रोग्राम-II) के तहत सीमावर्ती गांवों की प्रस्तावित योजनाओं की भी समीक्षा हुई। कुल 231 योजनाओं के लिए करीब 66.12 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है। इनमें सामुदायिक भवन, गोदाम, मक्का प्रोसेसिंग सीएफसी प्लांट, विद्यालय उन्नयन, आंगनबाड़ी केंद्र, पुस्तकालय, सड़क संपर्क, मार्केटिंग यार्ड/हाट और बॉर्डर चेक पोस्ट समेत कई योजनाएं शामिल हैं।
नवीन कुमार ने कहा कि भूमि, तकनीकी, स्थल विवाद या प्रशासनिक कारणों से कोई योजना लंबित नहीं रहनी चाहिए।अधिकारियों को नियमित समीक्षा, स्थल निरीक्षण और सतत निगरानी के निर्देश देते हुए कहा कि स्वीकृत योजनाओं का लाभ निर्धारित समय पर आम लोगों तक पहुंचना चाहिए। बैठक में जिला योजना पदाधिकारी कुंदन कुमार सिंह, कार्यपालक अभियंता LAEO नसीम अख्तर सहित सभी अभियंता मौजूद रहे।


