किशनगंज : लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर किशनगंज पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुविधा और शहर को जाममुक्त रखने के लिए व्यापक यातायात व्यवस्था लागू की है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देशन में शहर के प्रमुख छठ घाटों तक जाने वाले मार्गों पर वन-वे, रूट डायवर्जन, बैरिकेडिंग, ड्रॉप गेट और पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इसके तहत प्रेम पुल, गांधी घाट, देव घाट, मस्तान चौक, ओदरा घाट और धोबीपट्टी छठ घाट के आसपास वाहनों के परिचालन में बदलाव किया गया है। पुलिस की ओर से शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 15 नवंबर को दोपहर दो बजे से शाम सात बजे तक तथा 16 नवंबर को सुबह तीन बजे से नौ बजे तक शहरी क्षेत्र में पिकअप, ट्रैक्टर, जुगाड़ गाड़ी, बस और ट्रक समेत भारी वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए पुलिस उपाधीक्षक यातायात के नेतृत्व में छह पोस्टों पर 14 पुलिस पदाधिकारी और 70 पुलिस जवान तैनात रहेंगे। वहीं, अन्य थाना क्षेत्रों में संबंधित थानाध्यक्ष, अंचल पुलिस निरीक्षक और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में यातायात नियंत्रण किया जाएगा। प्रेम पुल से रूईधासा की ओर वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। वाहन हलीम चौक होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
गांधी घाट के लिए चुड़ीपट्टी चौक और सौदागरपट्टी मार्ग पर प्रतिबंध रहेगा तथा वैकल्पिक रास्ते निर्धारित किए गए हैं। देव घाट के आसपास एनएच-27 की लेन और सर्विस लेन पर विशेष यातायात नियंत्रण रहेगा। खगड़ा से देवघाट होकर बस स्टैंड जाने पर भी रोक रहेगी। मस्तान चौक के पास किशनगंज-बहादुरगंज मार्ग पर छोटे और बड़े वाहनों के लिए अलग-अलग प्रतिबंध लगाए गए हैं। ओदरा घाट के लिए ठाकुरगंज और किशनगंज के बीच वाहनों का परिचालन निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से होगा।
धोबीपट्टी घाट के आसपास डे-मार्केट और सब्जी मंडी की ओर जाने वाले रास्तों पर भी रूट डायवर्जन लागू रहेगा। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने आमजनों से अपील की है कि निर्धारित यातायात नियमों और वैकल्पिक मार्गों का पालन करें तथा अनावश्यक रूप से घाटों के आसपास वाहन नहीं ले जाएं। किसी भी आपात स्थिति या घटना की सूचना यातायात थाना के मोबाइल नंबर 9031031615 अथवा पुलिस नियंत्रण कक्ष के नंबर 06456-222109 और व्हाट्सएप नंबर 9031816147 पर दी जा सकती है।





