सारण। विश्वप्रसिद्ध हरिहरनाथ क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 के भव्य आयोजन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की संभावित यात्रा के मद्देनजर जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में सोनपुर अनुमंडलीय सभागार में एक विस्तृत बैठक आयोजित की गई।
यह भी पढ़े : प्रधानमंत्री के प्रस्तावित वैशाली दौरे को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट ने तैयारियों का लिया जायजा
बैठक के दौरान मेला क्षेत्र की आधारभूत संरचनाओं, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की बिंदुवार गहन समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने मंच और हैंगर निर्माण के सभी कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का सख्त निर्देश दिया।
इसके साथ ही मेला के आधिकारिक चैटबोट और आधुनिक वेबसाइट के लोकार्पण से जुड़ी सभी तैयारियों को समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को सर्वोपरि बताते हुए अधिकारियों ने निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री के संभावित आवागमन मार्ग पर विशेष सतर्कता बरती जाए और वहां पर्याप्त तथा आकर्षक प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी स्तर पर कोई चूक न हो।
सोनपुर मेला बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान का मुख्य प्रतीक है। अधिकारियों ने सभी संबंधित विभागों को आपसी बेहतर समन्वय से कार्य करने को कहा, ताकि मेले में आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं और पर्यटकों को उच्च कोटि की सुविधाएं मिल सकें। बैठक में मेला आयोजन से जुड़े तमाम प्रमुख विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




