रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश की जल्द नियुक्ति की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत और सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम को पत्र लिखा है।
यह भी पढ़े :झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा पर पूर्वी टुंडी में कार्यक्रम, महिला समूहों को मिले 36 लाख रुपये
दरअसल, झारखंड हाईकोर्ट के मौजूदा मुख्य न्यायाधीश एमएस सोनक 27 नवंबर 2026 को रिटायर होने वाले हैं। लेकिन अब तक उनके उत्तराधिकारी के नाम की सिफारिश नहीं की गई है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने पत्र में कहा है कि जस्टिस एमएस सोनक के रिटायर होने से पहले नए मुख्य न्यायाधीश के नाम की सिफारिश कर दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्य न्यायाधीश का पद हाईकोर्ट के न्यायिक और प्रशासनिक कामकाज के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
सीएम ने यह भी कहा कि लंबे समय तक कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की व्यवस्था रहने से न्यायिक कामकाज प्रभावित हो सकता है। इससे लंबित मामलों के निपटारे में देरी और प्रशासनिक कामकाज में अनिश्चितता पैदा हो सकती है।
अगर सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम जल्द फैसला नहीं लेता है, तो जस्टिस एमएस सोनक के रिटायर होने के बाद झारखंड हाईकोर्ट में एक बार फिर कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति करनी पड़ सकती है।




