रांची: बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर झारखंड के मौसम पर देखने को मिल रहा है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में शनिवार को दिनभर बादल छाए रहे और रुक-रुककर बारिश हुई। कई इलाकों में घना कोहरा भी देखने को मिला। तापमान में गिरावट के कारण ठंड और कनकनी बढ़ गई है।
यह भी पढ़े : झारखंड हाईकोर्ट में फिर बन सकती है कार्यवाहक चीफ जस्टिस की स्थिति, हेमंत सोरेन ने CJI को लिखा पत्र
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। राजधानी रांची में आज आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। हालांकि, दोपहर बाद मौसम साफ होने का अनुमान है। रांची में अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
23 नवंबर से साफ हो सकता है मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 23 नवंबर से झारखंड में आसमान साफ होने की उम्मीद है। बारिश थमने के बाद भी सुबह और शाम के समय कोहरा देखने को मिल सकता है। वहीं, तापमान में गिरावट के कारण ठंड बढ़ने की संभावना है।
24 नवंबर से मौसम पूरी तरह साफ होने का अनुमान है। आसमान से बादल हटेंगे, लेकिन कई इलाकों में कुहासा छाया रह सकता है।
कोडरमा में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में सबसे अधिक बारिश कोडरमा में 39 मिलीमीटर दर्ज की गई। इसके अलावा हजारीबाग में 12.5 मिमी, दुमका में 4.5 मिमी, लातेहार में 4 मिमी, देवघर में 2 मिमी, खूंटी में 1.5 मिमी और सरायकेला में 1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
वहीं, पूर्वी सिंहभूम के दारीसाई में राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।




