औरैया: कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को देखते हुए औरैया में यमुना नदी के तट पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। रविवार सुबह समाजसेवी संगठन ‘एक विचित्र पहल सेवा समिति’ की ओर से 172वें चरण का सफाई अभियान आयोजित किया गया। संस्था के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) के नेतृत्व में सदस्यों ने यमुना घाट और वहां बने प्रतीक्षालय की सफाई की।
सुबह 8 बजे शुरू हुए इस अभियान में सदस्यों ने घाट और बरामदे से पॉलीथिन, प्लास्टिक और अन्य कचरा हटाया। इस अभियान का उद्देश्य कार्तिक पूर्णिमा पर यमुना में स्नान करने आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना है।
करीब 10 वर्षों से चला रहे स्वच्छता अभियान
समिति के संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि संगठन पिछले करीब एक दशक से जनहित में स्वच्छता अभियान चला रहा है। इसके तहत श्मशान घाटों, धार्मिक स्थलों, प्राचीन विश्राम स्थलों और पिंडदान स्थलों की सफाई की जाती है।
उन्होंने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर औरैया शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यमुना नदी में स्नान करने पहुंचते हैं। ऐसे में घाट की सफाई और स्वच्छता बनाए रखना जरूरी है।
यमुना को प्लास्टिक मुक्त बनाने का लिया संकल्प
आनंद नाथ गुप्ता ने कहा कि नदियां हमारी प्राकृतिक धरोहर हैं और जीवन का महत्वपूर्ण आधार हैं। इनका संरक्षण करना सभी की जिम्मेदारी है।
अभियान के समापन पर सदस्यों और मौजूद लोगों ने यमुना तट को पॉलीथिन और प्लास्टिक मुक्त रखने का संकल्प लिया। साथ ही आम लोगों को नदी की स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की बात कही।
इस दौरान तेज बहादुर वर्मा, शेखर गुप्ता, अनिल कुमार सोनी, संजय अग्रवाल, राम आसरे गुप्ता, संतोष कुशवाहा, विनोद कुमार पोरवाल, शिखर बिश्नोई, रामचंद्र सोनी, कुलदीप बाजपेई, अजय कुमार, रज्जन और रामप्रसाद समेत कई लोग मौजूद रहे।




