प्रयागराज। विश्व प्रसिद्ध संगम नगरी में आधुनिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था विकसित करने की दिशा में प्रयागराज मेट्रो परियोजना की तैयारियां तेज हो गई हैं। शहर में लगभग 70 किलोमीटर लंबे मेट्रो नेटवर्क के लिए दो कॉरिडोर का विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार कर लिया गया है। इसे उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन को भेजा गया है।

मंगलवार को प्रयागराज मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. के समक्ष इस महत्वाकांक्षी परियोजना का प्रस्तुतीकरण किया जाएगा। परियोजना के धरातल पर उतरने से शहर के प्रमुख क्षेत्रों के बीच आवागमन सुगम होगा और सार्वजनिक परिवहन को नई दिशा मिलेगी।
प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) के उपाध्यक्ष ऋषिराज ने बताया कि मेट्रो के दो कॉरिडोर प्रस्तावित किए गए हैं। पहला कॉरिडोर एयरपोर्ट से झूंसी तक और दूसरा फाफामऊ-शांतिपुरम से छिवकी रेलवे स्टेशन तक होगा। दोनों कॉरिडोर को जोड़ने के लिए परेड मैदान में इंटरचेंज स्टेशन बनाने की योजना है। इससे यात्रियों को एक कॉरिडोर से दूसरे कॉरिडोर में आसानी से आवागमन की सुविधा मिलेगी।
परियोजना के मुख्य अभियंता और सिविल इंजीनियर प्रियंका ओझा ने बताया कि शुरुआती योजना के अनुसार प्रत्येक मेट्रो ट्रेन में तीन कोच होंगे। देश के अन्य शहरों, जैसे लखनऊ में संचालित मेट्रो की तर्ज पर यहां भी तीन कोच वाली ट्रेन चलाने की योजना बनाई गई है। प्रस्तावित पहले कॉरिडोर में करीब 20 और दूसरे कॉरिडोर में लगभग 19 स्टेशन बनाए जाने की योजना है।
झूंसी के खानूपुर और छिवकी में बनेंगे मेट्रो के दो डिपो
मेट्रो ट्रेनों के संचालन के साथ उनके रखरखाव, मरम्मत और तकनीकी जांच के लिए झूंसी और छिवकी में दो बड़े डिपो बनाए जाएंगे। दोनों डिपो के लिए लगभग 14-14 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता होगी। झूंसी के खानूपुर के पास पहले कॉरिडोर की मेट्रो के लिए डिपो प्रस्तावित है। वहीं, दूसरे कॉरिडोर की ट्रेनों के रखरखाव के लिए छिवकी क्षेत्र में डिपो बनाया जाएगा।
छिवकी में प्रस्तावित डिपो के लिए आवश्यक भूमि में 14 हेक्टेयर से अधिक जमीन सेना के अधिकार क्षेत्र में है। इसके लिए पीडीए की ओर से जिला प्रशासन के माध्यम से प्रस्ताव भेजा गया है। जमीन के बदले सेना को अन्य भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी चल रही है।
12 हजार करोड़ से अधिक खर्च होने का अनुमान
प्रस्तावित मेट्रो परियोजना पर 12 हजार करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है। लगभग 70 किलोमीटर के नेटवर्क से एयरपोर्ट, झूंसी, फाफामऊ, शांतिपुरम और छिवकी सहित शहर के प्रमुख क्षेत्रों को आधुनिक परिवहन सुविधा से जोड़ने की योजना है। डीपीआर उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन को भेजे जाने के बाद अब मंडलायुक्त के समक्ष प्रस्तुतीकरण अगला महत्वपूर्ण कदम है। इसके बाद संबंधित विभागों के स्तर पर परियोजना की आगे की प्रक्रिया को गति मिलने की उम्मीद है।
मेट्रो परियोजना के साकार होने से प्रयागराज में यातायात का दबाव कम करने, यात्रियों का समय बचाने और शहर के विकास को नई गति देने में मदद मिलेगी। साथ ही, संगम नगरी आधुनिक शहरी परिवहन व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ाएगी।





