बलरामपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार काे जनपद बलरामपुर के उतरौला विधानसभा क्षेत्र के बिलरिया में 803 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 78 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास परियोजनाओं की यह सौगात जनपदवासियों के लिए शारदीय नवरात्रि का उपहार है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले पिछड़ेपन, खराब सड़कों, बाढ़ और बीमारी जैसी समस्याओं से जूझने वाला बलरामपुर अब विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
यह भी पढ़े : देवीपाटन मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, करेंगे रात्रि विश्राम
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता का एक वोट क्षेत्र की तस्वीर बदल सकता है। पहले जिस वोट के कारण पहचान का संकट खड़ा होता था और क्षेत्र तस्करी के लिए बदनाम था, वही वोट आज विकास और तरक्की का आधार बन रहा है। अब यह क्षेत्र बदमाशों की अराजकता के बजाय बदलाव और विकास की नई धारा के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बलरामपुर को आकांक्षात्मक जनपद से आगे बढ़ाकर संभावनाओं से परिपूर्ण जनपद बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले प्रदेश में अराजकता का माहौल था। माफिया जिस जमीन पर पैर रख देता था, उस पर कब्जा कर लेता था। व्यापारियों को धमकाकर उनकी संपत्तियों पर कब्जा किया जाता था। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले बलरामपुर की सड़कों की स्थिति बेहद खराब थी और जनपद पिछड़ेपन से जूझ रहा था। त्योहारों से पहले उपद्रव की आशंका बनी रहती थी, लेकिन अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने युवाओं को रोजगार देने की दिशा में काम किया है। आपदा से प्रभावित लोगों को 24 घंटे के भीतर राहत और मुआवजा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि सीमावर्ती क्षेत्रों में छांगुर जैसे तत्वों को पनपने नहीं दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के पीडीए के नारे पर कटाक्ष करते हुए इसे परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी बताया। उन्होंने राज्यसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि सपा दो सीटों पर चुनाव लड़ी जिस पर एक बार उनके चाचा तो दूसरा सेट उन्होंने एक धन्ना सेठ को बेच दिया।
मुख्यमंत्री याेगी ने कहा कि अखिलेश यादव अयोध्या से मुझे चुनाव लड़ने की बात कहते हैं। मुझे स्वीकार है। आ जायें आमने-सामने। उन्हाेंने कहा कि अयोध्या में उनके कार्यकाल में जय श्री राम कहने पर प्रतिबंध लगा था। आज वहां रामराज की परिकल्पना साकार हो रही है। जनता पहले ही अखिलेश काे रिजेक्ट कर चुकी है। जब विपक्ष चुनाव जीते तो इनका पुरुषार्थ और जब चुनाव में हारें तो ईबीएम की गलती बताते हुए प्रशासन को धमकाते हैं। इतना ही नहीं न्यायालय पर टिप्पणी करते हैं और चुनाव आयोग को कटघरे में खड़ा करते हैं।
मुख्यमंत्री याेगी ने कहा कि अयोध्या हमारी आस्था का केंद्र है। अयोध्या, काशी और मां विंध्यवासिनी धाम में हुए विकास कार्यों का विरोध करने वाले लोग वास्तव में प्रदेश के विकास का विरोध कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने आगामी विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए दावा किया कि भाजपा 80 प्रतिशत सीटों पर जीत हासिल करेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार प्रदेश में अराजकता को स्वीकार नहीं करेगी और विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने पिछले वर्षों में विकास का नया अध्याय लिखा है। बलरामपुर में सरयू नहर राष्ट्रीय परियोजना का पूरा होना इसी दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री के विजन का परिणाम बताते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास परियोजनाओं के माध्यम से आम जनता के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बलरामपुर जनपद को विकास के मामले में पीछे नहीं रहने दिया जाएगा। जिले में सड़क, आधारभूत सुविधाओं और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं को आगे बढ़ाकर इसे विकसित जनपद बनाने की दिशा में प्रयास जारी रहेंगे।


